प्लास्टिक की कूलर फैक्ट्री में लगी भीषण आग

Share your love

दमकल की आठ गाड़ियों ने एक घंटे में पाया काबू, कोई हताहत नहीं

Mediawali news 

नई दिल्ली के नजफगढ़ इलाके के राणाजी एनक्लेव में स्थित प्लास्टिक के कूलर बनाने वाली फैक्ट्री और उससे जुड़े गोदाम में बुधवार शाम अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर से ही दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास रहने वाले लोग भी सतर्क हो गए। गनीमत यह रही कि घटना के समय गोदाम में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

दमकल की आठ गाड़ियों ने पाया आग पर काबू


दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार शाम करीब 5:49 बजे गोदाम में आग लगने की सूचना कंट्रोल रूम को मिली। सूचना मिलते ही तुरंत राहत और बचाव कार्य के लिए पांच दमकल गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया। आग की तीव्रता को देखते हुए बाद में तीन और दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे तक लगातार कड़ी मशक्कत की, जिसके बाद शाम करीब 6:50 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

कूलर जलकर खाक, जांच शुरू


इस भीषण आग की घटना में गोदाम में रखे कई प्लास्टिक कूलर और अन्य सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गए। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लेने से आसपास की इमारतों और अन्य दुकानों को नुकसान होने से बचा लिया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस और दमकल विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य कारण से लगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us