पंखे का तार जोड़ते समय करंट से युवक की मौत, नवजात बेटे की खुशियां मातम में बदली
Tags: करंट से युवक की मौतMediawali news, कानपुर
बिल्हौर थाना क्षेत्र के राजेपुर गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 32 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। तीन दिन पहले ही युवक के घर बेटे का जन्म हुआ था, लेकिन नवजात की खुशियां पिता की असमय मौत से मातम में बदल गईं।राजेपुर गांव निवासी अभय सिंह उर्फ नन्ही पुत्र बीरभान सिंह खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं। गुरुवार सुबह करीब सात बजे वह घर में पंखे का तार बिजली के बोर्ड में जोड़ रहे थे। इसी दौरान अचानक करंट की चपेट में आ गए और जोरदार झटका लगने से जमीन पर गिर पड़े।घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां से हालत गंभीर देखते हुए कानपुर रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। शव घर पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे।सूचना मिलने पर बिल्हौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। थाना प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी