नोएडा में आवारा सांड का कहर, बाइक सवार सॉफ्टवेयर इंजीनियर गंभीर घायल
Noida news
ऑफिस से लौटते समय हुआ हादसा
नोएडा के सेक्टर-168 में मंगलवार शाम करीब छह बजे एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर को सड़क पर घूम रहे आवारा सांड ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार सड़क पर गिर गया और उसके सिर में गंभीर चोट आई। घायल को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, बाद में हालत गंभीर होने पर दिल्ली के निजी अस्पताल में रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
ग्रेटर नोएडा की कंपनी में करते हैं नौकरी
पीड़ित की पहचान प्रखर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मुरादाबाद जिले के निवासी हैं और ग्रेटर नोएडा की एक मल्टीनेशनल कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। वह नोएडा सेक्टर-168 में किराए के पीजी में रहते थे और रोजाना बाइक से ऑफिस आते-जाते थे।
परिजनों के अनुसार, प्रखर हेलमेट पहनकर धीमी गति से बाइक चला रहे थे, लेकिन अचानक सड़क पर दौड़ते हुए आए सांड ने सीधी टक्कर मार दी, जिससे वह संतुलन खो बैठे और सड़क पर गिर पड़े।
वायरल वीडियो से लोगों में आक्रोश
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें साफ दिख रहा है कि सांड अचानक सड़क पर दौड़ता हुआ आता है और बाइक सवार को टक्कर मार देता है। गनीमत रही कि पीछे से आ रहे वाहन समय रहते रुक गए, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।
इस हादसे के बाद स्थानीय निवासियों में आवारा पशुओं को लेकर नाराजगी बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि सेक्टर-168 और आसपास के इलाकों में सांड और गायों का आतंक बढ़ता जा रहा है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और संबंधित विभाग को भी सूचित किया गया है।