मीडिया वाली

Youtube Live
ब्रेकिंग न्यूज़
नवीनतम समाचार लोड हो रहे हैं...

नोएडा की अरण्य सोसायटी में 21वीं मंजिल पर लगी भीषण आग, एलआईसी के रिटायर्ड रीजनल मैनेजर के फ्लैट में बेटी की शादी के गहने जलकर राख

21वीं मंजिल पर लगी भीषण आग,
Mediawali news, noida

नोएडा। सेक्टर-119 स्थित अरण्य सोसायटी में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सोसायटी की 21वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में एसी में शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कमरे में रखा फर्नीचर, घरेलू सामान और बेटी की शादी के लिए रखे गए गहने व अन्य कीमती सामान जलकर राख हो गए। हादसे के समय पूरा परिवार घर में सो रहा था, लेकिन बड़ी बेटी की सतर्कता से सभी सदस्य समय रहते सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की छह गाड़ियां और करीब 20 फायरकर्मी मौके पर पहुंचे और लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन परिवार को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

धुएं से खुली बेटी की नींद, बच गई परिवार की जान

जानकारी के अनुसार, सेक्टर-119 स्थित अरण्य सोसायटी के फ्लैट नंबर-2105 में एलआईसी के सेवानिवृत्त रीजनल मैनेजर सुरेश कुमार महाजन अपने परिवार के साथ रहते हैं। परिवार में उनकी दो बेटियां हैं, जिनमें बड़ी बेटी एक निजी स्कूल में शिक्षिका हैं। सोमवार सुबह करीब आठ बजे फ्लैट के एक कमरे में लगे एसी से अचानक धुआं निकलना शुरू हुआ। उस समय पूरा परिवार सो रहा था। धुएं के कारण सबसे पहले बड़ी बेटी की नींद खुली। उसने कमरे में धुआं फैलता देखा और तुरंत परिवार के अन्य सदस्यों को जगाया। परिवार के सदस्य जैसे ही कमरे से बाहर निकले, कुछ ही देर बाद तेज धमाके के साथ एसी फट गया और आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया।

बेटी की शादी के लिए रखे गहने और सामान जलकर राख

पीड़ित सुरेश कुमार महाजन ने बताया कि उनकी बड़ी बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं। इसके लिए परिवार ने गहने, कपड़े और अन्य आवश्यक सामान खरीदकर घर में रखा हुआ था। उन्होंने बताया कि आग की वजह से शादी के लिए रखा अधिकांश सामान और गहने जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए। आग में घरेलू फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य कीमती सामान भी जल गया। पीड़ित परिवार ने लगभग 15 लाख रुपये के नुकसान का दावा किया है। महाजन का कहना है कि फ्लैट में करीब 10 किलोवाट का बिजली कनेक्शन होने के बावजूद पर्याप्त अग्नि सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध नहीं थी, जिससे नुकसान और बढ़ गया।

मेंटेनेंस टीम ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन, 100 से अधिक लोगों को निकाला

घटना की जानकारी मिलते ही सोसायटी की मेंटेनेंस टीम ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए बिल्डिंग में रहने वाले 100 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। आग बुझने के बाद भी काफी देर तक निवासी अपने फ्लैटों में वापस नहीं जा सके। सीढ़ियों में भरे पानी और सुरक्षा सिस्टम को दोबारा चालू करने की प्रक्रिया के कारण लोगों को लगभग एक घंटे तक बाहर इंतजार करना पड़ा।

फायर अलार्म और स्प्रिंकलर सिस्टम पर उठे सवाल

घटना के बाद सोसायटी के निवासियों ने बिल्डिंग की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल उठाए हैं। पीड़ित परिवार और अन्य निवासियों का आरोप है कि फायर अलार्म और वॉटर स्प्रिंकलर सिस्टम सही तरीके से काम नहीं कर रहे थे। निवासियों का कहना है कि आग लगने के बाद धुआं पूरे फ्लोर और ऊपर की मंजिलों तक फैल गया, जिससे अन्य फ्लैटों में रहने वाले लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। उनका कहना है कि यदि फायर सेफ्टी सिस्टम पूरी तरह सक्रिय होता, तो नुकसान काफी कम हो सकता था।

दमकल विभाग पर देर से पहुंचने का आरोप

आग लगने वाले फ्लैट से दो मंजिल नीचे रहने वाले अधिवक्ता हिमांशु माटा ने बताया कि उनकी मां मीरा माटा ने सबसे पहले धुआं उठते हुए देखा और परिवार के अन्य सदस्यों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद सभी लोग सीढ़ियों के माध्यम से सुरक्षित नीचे उतर आए। उन्होंने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद दमकल विभाग की गाड़ियां करीब 30 मिनट की देरी से मौके पर पहुंचीं। निवासियों ने प्रशासन से सोसायटी की विद्युत वायरिंग, फायर सेफ्टी सिस्टम और स्प्रिंकलर व्यवस्था की तत्काल जांच कराने की मांग की है।

फायर विभाग ने बताया, आधे घंटे में आग पर पाया गया काबू

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि सुबह 8:50 बजे आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही छह फायर टेंडर और लगभग 20 फायरकर्मियों की टीम को मौके पर भेजा गया। उन्होंने बताया कि फायर टीम ने बालकनी और पड़ोसी फ्लैट के रास्ते अंदर पहुंचकर आग बुझाने का कार्य शुरू किया और करीब आधे घंटे में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। उन्होंने पुष्टि की कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।

सोसायटी में फायर सेफ्टी ऑडिट की उठी मांग

इस घटना के बाद अरण्य सोसायटी के निवासियों ने सभी हाईराइज इमारतों में फायर सेफ्टी ऑडिट कराने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए फायर अलार्म, स्प्रिंकलर सिस्टम, विद्युत वायरिंग और आपातकालीन निकासी व्यवस्था की नियमित जांच और रखरखाव सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios