नए साल पर कड़ी सुरक्षा: शहर को जोन और सेक्टरों में बांटा गया, 6 हजार CCTV व ड्रोन से निगरानी
31 दिसंबर को धारा 163 लागू, ड्रिंक एंड ड्राइव पर सख्त
मॉल, पब और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस हेल्पडेस्क व एंबुलेंस तैनात
नए साल के जश्न को सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाने के लिए कमिश्नरेट पुलिस ने जिले में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। 31 दिसंबर को जिले में धारा 163 प्रभावी रहेगी। सुरक्षा के दृष्टिकोण से पूरे शहर को तीन सुपर जोन, 10 जोन, 27 सेक्टर और 119 सब-सेक्टर में बांटा गया है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए 6 हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन का इस्तेमाल किया जाएगा।
अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) राजीव नारायण मिश्रा ने बताया कि नए साल के दौरान हुड़दंग और अपराध पर रोक लगाने के लिए 30 दिसंबर से 1 जनवरी तक विशेष ड्रिंक एंड ड्राइव अभियान चलाया जाएगा। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, नशे में वाहन चलाने और हथियार रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
तीन हजार पुलिसकर्मी तैनात
नए साल के मौके पर पूरे नोएडा में करीब तीन हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसमें आठ डीसीपी, पांच एडीसीपी, 15 एसीपी, 75 इंस्पेक्टर, 750 सब-इंस्पेक्टर, 117 महिला सब-इंस्पेक्टर, 1470 हेड कॉन्स्टेबल व कॉन्स्टेबल और 473 महिला कॉन्स्टेबल शामिल हैं। पुलिसकर्मी दिन-रात गश्त करेंगे।
भीड़भाड़ वाले इलाकों में पीआरवी और पीसीआर वाहन लगातार पेट्रोलिंग करेंगे। इसके अलावा पीएसी की भी तैनाती की जाएगी, जो दंगा निरोधक उपकरणों के साथ तैयार रहेगी। पीनाक कमांडो की टीम को रिजर्व में रखा गया है।
नशे में लोगों को सुरक्षित घर पहुंचाने की व्यवस्था
नए साल की पूर्व संध्या पर बार और रेस्तरां में आने वाले लोगों की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने खास इंतजाम किए हैं। अत्यधिक नशे में होने पर लोगों को सुरक्षित घर पहुंचाने के लिए पुलिस कैब की व्यवस्था की जाएगी। यह व्यवस्था बार मालिकों के सहयोग से की जा रही है, जो पिछले चार वर्षों से लागू है।
मॉल और पब में हेल्पडेस्क
जीआईपी मॉल, गार्डन गैलेरिया, एडवांट और स्पेक्ट्रम मॉल जैसे प्रमुख स्थानों पर भारी पुलिस बल तैनात रहेगा। यहां पुलिस हेल्पडेस्क, महिला सुरक्षा डेस्क और एंबुलेंस सेवाएं भी मौजूद रहेंगी। किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके साथ ही आबकारी विभाग की टीमें भी अलग-अलग इलाकों में सक्रिय रहेंगी और बिना लाइसेंस पार्टी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नए साल का जश्न सुरक्षित माहौल में मनाया जा सके, इसके लिए हर स्तर पर निगरानी और तैयारी पूरी कर ली गई है।