नवरात्रि व्रत रखने वाली महिलाएं सावधान! दादरी में 240 लीटर घी और 18 किलो मिर्च पाउडर सीज
Mediawali न्यूज, दिल्ली
नवरात्रि में व्रत रखने वाली महिलाएं घी, मखाना और कुट्टू का आटा खरीदते समय सावधानी बरतें। दादरी के सिटी मॉल पर खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी में करीब 240 लीटर घी और 18 किलो मिर्च पाउडर सीज किया गया है।
छह खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे
खाद्य विभाग की टीम ने बुधवार को नई बस्ती, दादरी स्थित सिटी मॉल से छह खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए। इनमें अवतार ब्रांड घी, गाय का घी, मिर्च पाउडर, मखाना, सरसों का तेल और कुट्टू का आटा शामिल हैं।
करीब 240 लीटर घी सीज किया गया
अधिकारियों के मुताबिक, घी के पैकेट पर विटामिन और मिनरल्स से जुड़ी भ्रामक जानकारी अंकित होने के कारण करीब 240 लीटर घी सीज किया गया। वहीं, पैकिंग की तारीख और बैच नंबर जैसी जरूरी जानकारी नहीं होने के कारण करीब 18 किलो मिर्च पाउडर भी सीज किया गया।
खाद्य पदार्थों के सभी छह नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही उनकी गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।
खरीदारी करते समय रखें ध्यान:
नवरात्रि के दौरान घी, मखाना और कुट्टू का आटा खरीदते समय पैकेट पर निर्माण तिथि, एक्सपायरी डेट और बैच नंबर जरूर देखें। सामान का बिल लें और बिना जरूरी जानकारी वाले पैकेट खरीदने से बचें।