LPG संकट में काम आएगा इंडक्शन कुकटॉप, खरीदने से पहले जान लें ये जरूरी बातें
Mediawali news
मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के कारण दुनिया भर में तेल और प्राकृतिक गैस की सप्लाई प्रभावित हो रही है। इसका असर भारत में भी देखने को मिल रहा है, जहां एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग अवधि 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दी गई है। कई जगहों से गैस सिलेंडर की कमी की खबरें भी सामने आ रही हैं। ऐसे में रसोई के लिए बिजली से चलने वाला इंडक्शन कुकटॉप एक बेहतर विकल्प बनकर उभर रहा है। इंडक्शन कुकटॉप तेजी से खाना बनाने के साथ-साथ सुरक्षित और सुविधाजनक भी होता है। हालांकि बाजार में कई तरह के मॉडल उपलब्ध हैं, इसलिए इसे खरीदने से पहले कुछ जरूरी बातों को समझना बेहद जरूरी है।
पावर रेटिंग और जरूरी फीचर्स पर दें ध्यान
इंडक्शन कुकटॉप खरीदते समय सबसे पहले उसकी पावर रेटिंग देखनी चाहिए। आमतौर पर इंडक्शन कुकटॉप 1000W से 2000W तक की पावर के साथ आते हैं। ज्यादा पावर वाले कुकटॉप में खाना जल्दी बनता है, इसलिए अगर आप तेजी से खाना बनाना चाहते हैं तो 1800W या 2000W तक का मॉडल चुनना बेहतर रहेगा। हालांकि ज्यादा पावर वाले कुकटॉप की कीमत थोड़ी अधिक हो सकती है। आजकल कई इंडक्शन कुकटॉप में प्री-सेट मेनू फीचर भी दिया जाता है, जो यूजर्स के लिए काफी आसान होता है। इस फीचर में आपको दूध उबालना, चावल पकाना, सब्जी बनाना या फ्राई करना जैसे विकल्प मिलते हैं। बस आपको संबंधित बटन दबाना होता है और कुकटॉप अपने आप उसी हिसाब से तापमान को नियंत्रित कर देता है। इससे खाना सही तरीके से और बिना ज्यादा मेहनत के तैयार हो जाता है।
सेफ्टी फीचर्स, पैन साइज और पोर्टेबिलिटी भी जरूरी
इंडक्शन कुकटॉप खरीदते समय उसके सेफ्टी फीचर्स पर भी ध्यान देना जरूरी है। आधुनिक कुकटॉप में ऑटो पैन डिटेक्शन, ओवरहीट प्रोटेक्शन और ऑटो स्विच ऑफ जैसे फीचर मिलते हैं। उदाहरण के लिए, अगर आप बर्तन हटा देते हैं तो कुकटॉप अपने आप बंद हो जाता है। इसी तरह ज्यादा गर्म होने या लंबे समय तक चालू रहने पर भी यह खुद ही बंद हो सकता है। इसके अलावा पैन का साइज भी काफी महत्वपूर्ण होता है। हर इंडक्शन कुकटॉप में न्यूनतम और अधिकतम पैन साइज तय होता है। अगर बर्तन बहुत छोटा होगा तो कुकटॉप उसे पहचान नहीं पाएगा और हीटिंग शुरू नहीं होगी। इसलिए ऐसे बर्तन का इस्तेमाल करें जो कुकटॉप की कॉइल के साइज के अनुसार हो। पोर्टेबिलिटी भी एक अहम फैक्टर है। पोर्टेबल इंडक्शन कुकटॉप को आप आसानी से एक जगह से दूसरी जगह ले जा सकते हैं। अगर आप घर के बाहर, बालकनी या छत पर खाना बनाना चाहते हैं तो पोर्टेबल मॉडल काफी उपयोगी साबित हो सकता है।