लकड़ियों पर अब नहीं बन सकता खाना, lpg सिलेंडर की कमी के कारण पत्नी घर छोड़ मायके गई

Share your love

Mediawali news, greater noida

दिल्ली से सटे गौतमबुद्ध नगर के रबूपुरा क्षेत्र में घरेलू एलपीजी गैस सिलिंडर की किल्लत अब घर-घर में परेशानी का कारण बनती जा रही है। कई जगहों पर गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। इसी बीच रबूपुरा के भुन्नातगा गांव से एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां गैस सिलिंडर की कमी ने एक परिवार में बड़ा विवाद खड़ा कर दिया। नाराज पत्नी राजलता अपने पति का घर छोड़कर मायके चली गई और साफ कह दिया कि जब तक घर में गैस सिलिंडर नहीं आएगा, तब तक वह वापस ससुराल नहीं लौटेगी।

जानकारी के मुताबिक भुन्नातगा गांव निवासी विनेश की शादी करीब सात साल पहले राजलता से हुई थी। दंपत्ति के दो बच्चे भी हैं। परिवार का गुजारा विनेश की मजदूरी से चलता है। वह रबूपुरा में एक बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर की दुकान पर ट्रैक्टर चालक का काम करता है। करीब एक सप्ताह पहले उनके घर का रसोई गैस सिलिंडर खत्म हो गया था। इसके बाद राजलता को मजबूरी में लकड़ी और उपले जलाकर खाना बनाना पड़ रहा था।

बताया जा रहा है कि विनेश कई बार गैस एजेंसी पर सिलिंडर लेने गया, लेकिन इलाके में गैस की किल्लत के कारण उसे नया सिलिंडर नहीं मिल पाया। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर कहासुनी होने लगी। राजलता का कहना था कि गैस के बिना घर चलाना बेहद मुश्किल हो रहा है और बच्चों के लिए भी खाना बनाना कठिन हो गया है।

सोमवार को इसी बात को लेकर दोनों के बीच फिर से विवाद हो गया। नाराज राजलता ने पति से साफ कह दिया कि अगर जल्द गैस सिलिंडर नहीं आया तो वह मायके चली जाएगी। इसके बाद विनेश रोज की तरह मजदूरी पर चला गया और गैस की व्यवस्था नहीं हो पाई। इससे गुस्साई राजलता ने अपना सामान समेटा और बच्चों को लेकर मायके चली गई।

मायके जाते समय राजलता ने साफ चेतावनी दी कि जब तक घर में रसोई गैस सिलिंडर नहीं आएगा, वह ससुराल वापस नहीं लौटेगी। गांव में यह मामला अब चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इसे गैस किल्लत से पैदा हुई घरेलू परेशानी का उदाहरण बता रहे हैं।

Anjali Priya
Anjali Priya
Articles: 215

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us