कुट्टू का आटा खाने से ग्रेटर नोएडा में फूड पॉइजनिंग, 40 से अधिक लोग बीमार
Noida news
दो सोसाइटी में बिगड़ी लोगों की तबीयत
ग्रेटर नोएडा: ग्रेनो वेस्ट की इको विलेज-3 और हिमालय प्राइड सोसाइटी में महाशिवरात्रि व्रत के दौरान कुट्टू का आटा खाने से 40 से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ गई। पीड़ितों में बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं। अधिकांश लोगों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
इको विलेज-3 सोसाइटी के निवासियों के अनुसार, रविवार शाम व्रत खोलने के बाद कुट्टू के आटे से बने खाद्य पदार्थ खाने के कुछ ही घंटों में लोगों की तबीयत खराब होने लगी। यहां 30 से अधिक लोग प्रभावित हुए। वहीं हिमालय प्राइड सोसाइटी में भी 15 से अधिक लोग बीमार हुए, जिनका इलाज न्यूमेड अस्पताल में चल रहा है।
ऑनलाइन मंगवाया गया था खुला कुट्टू का आटा
निवासियों ने बताया कि कुट्टू का आटा पास की स्थानीय दुकान से ऑनलाइन मंगवाया गया था, जो पैकेट में सील नहीं था बल्कि खुला हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि आटा खराब या मिलावटी था, जिसके कारण फूड पॉइजनिंग की समस्या हुई। घटना की जानकारी खाद्य विभाग को दे दी गई है और नमूने जांच के लिए भेजे जाने की तैयारी की जा रही है।
खाद्य विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल
ग्रेटर नोएडा और ग्रेनो वेस्ट में फूड पॉइजनिंग के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। इससे पहले भी एक हॉस्टल में 300 से अधिक लोग बीमार हुए थे, लेकिन जांच के बाद भी मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक नहीं लग पाई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि खाद्य विभाग की लापरवाही लोगों की सेहत पर भारी पड़ रही है और मिलावटखोरों पर सख्त कार्रवाई नहीं हो रही है।
निवासियों ने प्रशासन से दोषियों पर कार्रवाई करने और खाद्य सामग्री की नियमित जांच कराने की मांग की है।