कानपुर में 23 मार्च को वृहद रोजगार मेला, 730 पदों पर भर्ती का अवसर
Mediawali news, kanpur
कानपुर में युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर लेकर एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। सहायक निदेशक (सेवायोजन) उज्ज्वल कुमार सिंह के अनुसार “उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन” एवं सरकार के “नव निर्माण के नौ वर्ष” पूर्ण होने के उपलक्ष्य में यह मेला 23 मार्च 2026 (सोमवार) को आयोजित होगा। यह कार्यक्रम प्रादेशिक सेवायोजन कार्यालय और महिला महाविद्यालय पीजी कॉलेज, किदवई नगर के संयुक्त तत्वावधान में सुबह 10 बजे से शुरू होगा।
कार्यक्रम में प्रमुख अतिथियों की मौजूदगी
यह रोजगार मेला महिला महाविद्यालय पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज परिसर में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में विधायक महेश त्रिवेदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि अपर जिलाधिकारी (नगर) डॉ. राजेश कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
730 पदों पर होगी भर्ती
इस रोजगार मेले में कानपुर सहित अन्य शहरों की कई प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी। इनमें ए.एस. वर्ड ग्रुप, EDU VANTAGE प्राइवेट लिमिटेड, श्रीराम फाइनेंस ग्रुप, SBI लाइफ इंश्योरेंस, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया लाइफ इंश्योरेंस, स्टार ग्रुप ऑफ मैनपावर सर्विसेज, पुखराज हेल्थ केयर और रक्षा सिक्योरिटी सर्विसेज जैसी कंपनियां शामिल हैं।
इन कंपनियों द्वारा लगभग 730 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को ₹10,000 से ₹26,000 प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा। भर्ती फील्ड सेल्स एग्जीक्यूटिव, टेलीकॉलर, कस्टमर सपोर्ट, सिक्योरिटी गार्ड, बीमा सलाहकार, लोन एडवाइजर सहित विभिन्न पदों पर की जाएगी।
कई शहरों में मिलेगा रोजगार
चयनित अभ्यर्थियों को कानपुर के अलावा लखनऊ, नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और हिमाचल प्रदेश (सोलन) में भी रोजगार के अवसर मिलेंगे।
कौन कर सकता है आवेदन
इस मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक, डिप्लोमा और आईटीआई पास महिला अभ्यर्थी भाग ले सकती हैं। साथ ही सेवायोजन पोर्टल पर पंजीकरण होना अनिवार्य है। ऐसे करें पंजीकरण इच्छुक अभ्यर्थी रोजगार संगम पोर्टल (rojgaarsangam.up.gov.in) पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं और सीधे मेले में पहुंचकर साक्षात्कार प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।