जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक

Share your love
Mediawali news, Noida

गौतमबुद्धनगर में जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों और चार्ज अधिकारियों ने भाग लिया। जिलाधिकारी ने 07 मई से 21 मई तक चलने वाली स्व-गणना प्रक्रिया के सफल संचालन और व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

07 मई से शुरू होगी स्व-गणना

बैठक में बताया गया कि भारत की जनगणना-2027 के पहले चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य उत्तर प्रदेश में 22 मई से 20 जून 2026 तक किया जाएगा। इससे पहले आम नागरिकों को 07 मई से 21 मई तक स्व-गणना की सुविधा दी जाएगी।

यह भारत की पहली डिजिटल जनगणना होगी, जिसमें लोग स्वयं ऑनलाइन पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। नागरिक https://se.census.gov.in पोर्टल के माध्यम से अपनी जनगणना संबंधी जानकारी भर सकेंगे।

अधिकारियों को दिए गए जरूरी निर्देश

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ भाग लें। उन्होंने कहा कि गणमान्य व्यक्तियों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और अन्य नागरिकों को स्व-गणना के लिए प्रेरित किया जाए।

उन्होंने ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी के आरडब्ल्यूए और आम लोगों से भी अपील की कि वे स्व-गणना में बढ़-चढ़कर भाग लें और राष्ट्र निर्माण में सहयोग करें।

प्रशिक्षण कार्यक्रम की भी हुई समीक्षा

बैठक में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से पालन करें। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में किसी भी अधिकारी की अनुपस्थिति स्वीकार नहीं की जाएगी।

स्व-गणना के बताए गए फायदे

जनगणना कार्य निदेशालय के उप निदेशक अभिमन्यु सिंह ने पावर प्रेजेंटेशन के माध्यम से स्व-गणना की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्व-गणना से डेटा तेजी से एकत्र होगा, जानकारी अधिक सही मिलेगी और त्रुटियों की संभावना कम होगी। इससे नागरिकों को भी सुविधा मिलेगी।

कई अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अतुल कुमार, जिला वन अधिकारी रजनीकांत मित्तल, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us