IMS Law College में मॉडल यूनाइटेड नेशन कॉन्फ्रेंस का भव्य समापन, छात्रों ने दिखाया कूटनीतिक कौशल
IMS Law College: कॉन्फ्रेंस में देशभर के प्रतिभागियों ने वैश्विक मुद्दों पर रखे विचार, नेतृत्व क्षमता और अंतरराष्ट्रीय समझ को मिला बढ़ावा
Mediawali news, Noida
नोएडा के सेक्टर-62 स्थित IMS Law College में आयोजित दो दिवसीय मॉडल यूनाइटेड नेशन (MUN) कॉन्फ्रेंस के दूसरे संस्करण का सोमवार को समापन हो गया। इस सम्मेलन में विभिन्न राज्यों और संस्थानों से आए करीब 180 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर अपने विचार रखे।
IMS Law College में सात कमेटियों में हुई विभिन्न विषयों पर चर्चा
कॉन्फ्रेंस के दौरान सात अलग-अलग कमेटियों का गठन किया गया, जिनमें प्रतिभागियों ने समसामयिक मुद्दों पर चर्चा और वाद-विवाद किया। इन कमेटियों में लोकसभा, ऑल इंडिया पॉलिटिकल पार्टी मीट, संयुक्त राष्ट्र महासभा, इंटरनेशनल फुटबॉल ट्रांसफर फोरम, संयुक्त राष्ट्र महिला स्थिति आयोग, इंटरनेशनल प्रेस और आईपीएल कमेटी शामिल थीं। सम्मेलन में जातिगत जनगणना और जाति आधारित आरक्षण, वक्फ संशोधन अधिनियम-2025, इज़राइल-फिलिस्तीन संघर्ष, वैश्विक फुटबॉल ट्रांसफर मार्केट, फोटोग्राफी और पत्रकारिता, आईपीएल नीलामी प्रक्रिया तथा विश्व स्तर पर बढ़ते एंटी-फेमिनिस्ट उग्रवाद जैसे विषयों पर गंभीर चर्चा हुई। प्रतिभागियों ने विभिन्न मुद्दों पर अपने तर्क प्रस्तुत किए और समाधान सुझाए।
युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने का माध्यम
समापन सत्र को संबोधित करते हुए IMS Law College के प्रेसिडेंट राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि मॉडल यूनाइटेड नेशन कॉन्फ्रेंस केवल वाद-विवाद का मंच नहीं है, बल्कि यह युवाओं में नेतृत्व क्षमता, तार्किक सोच, वैश्विक दृष्टिकोण और लोकतांत्रिक मूल्यों को विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि आईएमएस लॉ कॉलेज हमेशा विद्यार्थियों को अकादमिक शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक और वैश्विक अनुभव देने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। ऐसे आयोजन छात्रों को अंतरराष्ट्रीय मुद्दों को समझने और बेहतर संवाद कौशल विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं।
छात्रों ने दिखाई प्रतिभा और समझ
कॉन्फ्रेंस के संयोजक डॉ. गोविंद प्रसाद गोयल ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य छात्रों को वैश्विक मंच की कार्यप्रणाली से परिचित कराना और उनमें विश्लेषणात्मक सोच विकसित करना था। उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों ने विभिन्न विषयों पर शानदार प्रस्तुति देकर अपनी प्रतिभा और समझ का परिचय दिया। उन्होंने बताया कि सम्मेलन के विजेताओं की घोषणा सोमवार को की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान छात्रों में काफी उत्साह देखने को मिला और उन्होंने पूरे आत्मविश्वास के साथ अपने विचार रखे।
IMS Law College: शिक्षकों और छात्रों की रही सक्रिय भागीदारी
इस आयोजन में कॉलेज के शिक्षकों, आयोजन समिति और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी रही। सम्मेलन के सफल आयोजन पर संस्थान प्रबंधन ने सभी प्रतिभागियों और आयोजकों को बधाई दी।