इलेक्ट्रिकल कंपनी में भीषण आग, दो किलोमीटर से दिखा धुआं
इलेक्ट्रिक शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी आग
फोटो है।
Mediawali news, नोएडा
सेक्टर-9 स्थित एक इलेक्ट्रिकल्स कंपनी में रविवार शाम भीषण आग लगने से अफरातफरी मच गई। आग तीन मंजिला इमारत की तीसरी मंजिल पर लगी, जहां इलेक्ट्रॉनिक्स से संबंधित बड़ी मात्रा में सामान रखा हुआ था। देखते ही देखते आग ने पूरे फ्लोर को अपनी चपेट में ले लिया और घना धुआं आसमान में फैल गया। कई किलोमीटर दूर से धुएं का गुबार दिखाई देने लगा। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद पर काबू पाया गया।
सीएफओ प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि सेक्टर-9 के बी-29 स्थित शिवा इलेक्ट्रिकल्स में रविवार शाम सवा पांच बजे आग लगने की सूचना मिली। आग लगने का पता चलते ही कंपनी में मौजूद कर्मचारियों और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। तत्काल इसकी सूचना अग्निशमन विभाग और पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। साथ ही फेज-1 थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था संभालने में जुट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग तीसरी मंजिल से उठती दिखाई दी। कुछ ही देर में लपटें और धुआं इतना बढ़ गया कि आसपास के औद्योगिक क्षेत्र में काम कर रहे लोगों का ध्यान भी घटनास्थल की ओर चला गया। आग की सूचना फैलते ही आसपास की फैक्ट्रियों और कार्यालयों से लोग बाहर निकल आए। मौके पर करीब 400 से अधिक लोगों की भीड़ जमा हो गई। बड़ी संख्या में लोग अपने मोबाइल फोन से आग की तस्वीरें और वीडियो बनाते नजर आए। दमकल कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। इमारत के अंदर रखे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और अन्य ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैल रही थी। ऐसे में अग्निशमन विभाग को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। दमकल कर्मियों ने कई दिशाओं से पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोका और आसपास की इमारतों तक पहुंचने से पहले ही उसे नियंत्रित करने का प्रयास किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आधा दर्जन दमकल की गाड़ियां आग पर काबू पाने में इस्तेमाल की गईं।
लाखों का सामान जला
अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक अनुमान में आग से लाखों रुपये मूल्य का सामान जलकर नष्ट हो गया है। हालांकि नुकसान का सही आकलन आग पूरी तरह बुझने और जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेगा। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। शॉर्ट सर्किट समेत विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस और फायर विभाग की टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटा रही है। जांच के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
आसपास की इमारतों में की पानी की बौछार
घटना के चलते क्षेत्र में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के साथ लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की सलाह दी। देर शाम तक दमकल कर्मी आग पर पूरी तरह काबू पाने और कूलिंग का कार्य करते रहे। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों को काफी देर तक सांस लेने में भी परेशानी हुई। सबसे ज्यादा दिक्कत बुजुर्गों और बच्चों को हुई। धुआं कई किलोमीटर दूर से दिखाई पड़ रहा था। लोगों ने इसका वीडियो बनाया और सोशल मीडिया के विविध प्लेटफॉर्म पर साझा किया।