गलत विमान से उड़ी फ्लाइट, 7 घंटे बाद लौटी: एयर इंडिया की बड़ी चूक उजागर
Mediawali news
Air India की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है, जहां दिल्ली से कनाडा के वैंकूवर जा रही फ्लाइट AI-185 को उड़ान के करीब 7 घंटे बाद वापस लौटना पड़ा। विमान में 300 से ज्यादा यात्री सवार थे। फ्लाइट ने सुबह 11:34 बजे उड़ान भरी थी, लेकिन चीन के कुनमिंग एयरस्पेस तक पहुंचने के बाद उसे यू-टर्न लेना पड़ा और शाम 7:19 बजे दिल्ली लौट आई।
गलत विमान मॉडल बना वजह
इस घटना की मुख्य वजह विमान का गलत मॉडल बताया जा रहा है। एयरलाइन ने इस रूट पर Boeing 777-200LR तैनात कर दिया, जबकि कनाडा में केवल Boeing 777-300ER को संचालन की अनुमति है। नियमों के मुताबिक, जिस विमान को मंजूरी नहीं है, वह उस देश में लैंड नहीं कर सकता। यही कारण रहा कि फ्लाइट को बीच रास्ते से वापस लौटना पड़ा।
ऑपरेशनल चूक और शेड्यूलिंग की गलती
एअर इंडिया ने इसे ऑपरेशनल इश्यू बताया है। जानकारी के मुताबिक, यह गलती विमान की शेड्यूलिंग और फ्लीट प्लानिंग में कमी के कारण हुई। आमतौर पर इंटरनेशनल फ्लाइट के लिए क्रू रोस्टर, रूट क्लियरेंस और रेगुलेटरी जांच पहले ही पूरी कर ली जाती है, लेकिन इस मामले में समन्वय की कमी सामने आई।
यात्रियों को हुई परेशानी
इस चूक का सीधा असर यात्रियों पर पड़ा, जिन्हें लंबी उड़ान के बाद वापस दिल्ली आना पड़ा। एयरलाइन ने यात्रियों को होटल में ठहराया और अगले दिन दूसरी फ्लाइट से वैंकूवर भेजने की व्यवस्था की।
करोड़ों का नुकसान और जांच की तैयारी
सूत्रों के अनुसार, इस गलती से एयरलाइन को करीब 60 लाख रुपये का फ्यूल नुकसान हुआ। एक बोइंग 777 विमान प्रति घंटे 8-9 टन ईंधन खर्च करता है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। यह घटना ऐसे समय हुई है जब एयरलाइन अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का विस्तार कर रही है, जिससे इस तरह की चूक पर सवाल और भी बढ़ गए हैं।