मीडिया वाली

Youtube Live
ब्रेकिंग न्यूज़
नवीनतम समाचार लोड हो रहे हैं...

घिमऊ में ‘हर घर जल’ की सौगात, विधायक ने किया पानी टंकी का लोकार्पण

Tags:
घिमऊ

जल शक्ति मंत्री के न पहुंचने से ग्रामीणों में मायूसी, जल संरक्षण का दिलाया संकल्प

Mediawali news, कानपुर/बिल्हौर
प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन के तहत शिवराजपुर ब्लॉक के घिमऊ गांव में निर्मित पानी की टंकी का रविवार को लोकार्पण किया गया। विधायक राहुल बच्चा सोनकर ने फीता काटकर टंकी का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में प्रस्तावित मुख्य अतिथि जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह व्यक्तिगत कारणों से शामिल नहीं हो सके। उनकी अनुपस्थिति से ग्रामीणों में मायूसी देखने को मिली। जल शक्ति मंत्री की अनुपस्थिति में विधायक राहुल बच्चा सोनकर, मुख्य अभियंता उत्तर प्रदेश ए.के. सिंह, मुख्य अभियंता कानपुर सुधीर कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज कुमार और परियोजना निदेशक आलोक सिंह ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान ग्रामीणों ने सभी अतिथियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया।

विधायक ने शुरू की ‘हर घर जल’ योजना

कार्यक्रम के दौरान विधायक राहुल बच्चा सोनकर और ब्लॉक प्रमुख शुभम बाजपेई ने पानी की टंकी से संचालित नल को चालू कर गांव में ‘हर घर जल’ योजना की शुरुआत की। विधायक ने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक परिवार तक शुद्ध पेयजल पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सरकार की इस योजना से ग्रामीणों को घर-घर नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। विधायक ने बताया कि क्षेत्र के कई गांवों में जलापूर्ति शुरू हो चुकी है, जबकि अन्य गांवों में भी कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को पेयजल के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने की जरूरत न पड़े, इसी उद्देश्य से जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन और पानी की टंकियों का निर्माण कराया जा रहा है।

जल संरक्षण की दिलाई शपथ

कार्यक्रम में जल संरक्षण और जल संवर्धन पर भी विशेष जोर दिया गया। विधायक राहुल बच्चा सोनकर ने कहा कि आने वाले समय में पानी का महत्व और अधिक बढ़ेगा। ऐसे में जल संरक्षण आज की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने ग्रामीणों से पानी की बर्बादी रोकने और जल स्रोतों की रक्षा करने की अपील की। इस दौरान विधायक ने ग्रामीणों को जल बचाने और जल स्रोतों के संरक्षण की शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा कि सरकार योजनाएं बना सकती है, लेकिन जल संरक्षण को जनअभियान बनाने के लिए आम लोगों की भागीदारी बेहद जरूरी है।

संगठनात्मक बैठकों के चलते नहीं पहुंचे कई जनप्रतिनिधि

कार्यक्रम में भाजपा की संगठनात्मक बैठकों के चलते क्षेत्र के अधिकांश स्थानीय जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल नहीं हो सके। विधायक ने बताया कि जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह व्यस्तता और व्यक्तिगत कारणों के चलते कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके। इसके बावजूद अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में कार्यक्रम संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios