गैस रिसाव से धमाका, युवक घायल; दो बकरियों की मौत
Kanpur news
किराए के मकान में हुआ हादसा
कानपुर: चौबेपुर थाना क्षेत्र के नयापुरवा गांव में मंगलवार देर रात किराए के मकान में गैस रिसाव के कारण जोरदार धमाका हो गया। इस हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बाहर बंधी दो बकरियों की मलबे में दबकर मौत हो गई। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कमरे की दीवारें दरक गईं और छत का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार, शिवराजपुर थाना क्षेत्र के दुबियाना गांव निवासी रमेश चंद्र नयापुरवा गांव में रमा शुक्ला के मकान में किराए पर रह रहे थे। मंगलवार देर रात जब वह धूम्रपान के लिए माचिस जलाने लगे, तभी कमरे में भरी गैस के कारण अचानक विस्फोट हो गया। विस्फोट के बाद वह मलबे में दबकर घायल हो गए और आग की चपेट में आने से झुलस भी गए।
पुलिस जांच में गैस सिलेंडर रिसाव की आशंका
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में गैस सिलेंडर से रिसाव की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।