एनसीआर के ट्रैफिक सिग्नलों पर सक्रिय मोबाइल स्नैचर गैंग का पर्दाफाश

Share your love
Mediawali news, Noida
          नोएडा पुलिस ने दिल्ली-एनसीआर के ट्रैफिक सिग्नलों पर मोबाइल स्नैचिंग करने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी रेड लाइट पर खड़े लोगों को निशाना बनाते थे और मोबाइल छीनकर फरार हो जाते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 24 छीने गए मोबाइल फोन, दो अवैध चाकू और वारदात में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर बाइक बरामद की है।

ट्रैफिक सिग्नल पर बनाते थे लोगों को निशाना

थाना सेक्टर-24 पुलिस के अनुसार, आरोपी खासतौर पर ऐसे ट्रैफिक सिग्नलों को चुनते थे जहां रेड लाइट लंबी होती थी। जैसे ही लोग गाड़ी रोककर मोबाइल पर बात करने लगते, आरोपी तेजी से मोबाइल छीनकर बाइक से भाग जाते थे। रेड लाइट और ट्रैफिक जाम की वजह से पीड़ित उनका पीछा नहीं कर पाते थे। इसी का फायदा उठाकर दोनों आसानी से फरार हो जाते थे।

चेकिंग के दौरान हुई गिरफ्तारी

एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि पुलिस को लगातार मोबाइल स्नैचिंग की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद सेक्टर-54 और गिझौड़ ट्रैफिक सिग्नल के पास विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने एक बाइक पर आते दो युवकों को रोकने की कोशिश की। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, लेकिन पीछा कर उन्हें पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास बड़ी संख्या में मोबाइल फोन मिले। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि ये मोबाइल उन्होंने ट्रैफिक सिग्नलों पर लोगों से छीने थे।

सस्ते दामों में बेच देते थे मोबाइल

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी छीने गए मोबाइल फोन मेट्रो स्टेशन, रोडवेज बस अड्डों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में कम कीमत पर बेच देते थे। इन पैसों से दोनों अपने शौक पूरे करते थे और आरामदायक जीवन जी रहे थे। पुलिस अब उनके अन्य साथियों और मोबाइल खरीदने वाले लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

फैक्ट्री में हुई दोस्ती, फिर शुरू किया अपराध

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोबीन अहमद और आफताब के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों पहले एक फैक्ट्री में काम करते थे। वहीं उनकी दोस्ती हुई और बाद में उन्होंने मोबाइल स्नैचिंग की योजना बना ली।

दिल्ली-एनसीआर में फैला था नेटवर्क

पूछताछ में मुख्य आरोपी मोबीन अहमद ने बताया कि वह दिल्ली, नोएडा और एनसीआर के कई ट्रैफिक सिग्नलों पर वारदात करता था। उसका साथी आफताब छीने गए मोबाइल सस्ते दामों में बेचने का काम करता था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मोबीन अहमद के खिलाफ पहले से लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और NDPS Act के तहत कई मामले दर्ज हैं। वहीं आफताब के खिलाफ भी सेक्टर-24 थाने में केस दर्ज है। पुलिस को शक है कि दोनों बाइक चोरी की घटनाओं में भी शामिल हो सकते हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us