एफएनजी पुल हादसे में चौथे श्रद्धालु की भी मौत, चालक पर केस दर्ज

Share your love
हिंडन नदी में मूर्ति विसर्जन से लौटते वक्त पलटी थी पिकअप, अब तक चार लोगों की गई जान

नोएडा। एफएनजी लिंक रोड पर हुए पिकअप हादसे में घायल चौथे श्रद्धालु ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। रविवार को मूर्ति विसर्जन से लौटते समय यह हादसा हुआ था। अब तक इस हादसे में चार लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि आठ घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मूर्ति विसर्जन से लौटते वक्त हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार, हादसा बिसरख स्थित एफएनजी पुल पर हुआ था। पश्चिम बंगाल के रहने वाले श्रद्धालु राजू सरकार अपने परिवार और पड़ोसियों के साथ मूर्ति विसर्जन के बाद लौट रहे थे। पिकअप में करीब 20 लोग सवार थे। अचानक गाड़ी डिवाइडर से टकराई और पलट गई।

पुल से नीचे गिरे छह लोग, कई दबे पिकअप के नीचे

हादसे में छह लोग पुल से नीचे गिर गए और करीब 13 लोग सड़क पर पिकअप के नीचे दबकर घायल हो गए। राजू सरकार ने बताया कि चालक अमर तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चला रहा था, जिसकी वजह से यह दुर्घटना हुई।

चार की मौत, कई का इलाज जारी

इस हादसे में राजू सरकार के साडू रंजीत सरकार, वासुदेव सरकार, दुर्योधन और अब राकेश की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है। अन्य घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है, जबकि कुछ को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।

पुलिस ने चालक पर दर्ज किया मुकदमा

सेक्टर-113 थाना पुलिस ने आरोपी चालक अमर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि हादसे की पूरी जांच की जा रही है और लापरवाही साबित होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us