दिल्ली की 3 अदालतों और 2 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस ने खाली कराए परिसर; जांच जारी

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, कोर्ट परिसरों में बारीकी से तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और सभी प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है।

Share your love

दिल्ली में मंगलवार सुबह हड़कंप मच गया जब राजधानी की तीन प्रमुख जिला अदालतों—साकेत कोर्ट, पटियाला हाउस कोर्ट और द्वारका कोर्ट—को बम से उड़ाने की धमकी वाला मेल मिला। इसके साथ ही सीआरपीएफ के दो स्कूलों को भी सुबह बम की धमकी दी गई, जिसके बाद सभी स्थानों पर सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल मोर्चा संभाल लिया।

जैश-ए-मोहम्मद के नाम से आया धमकी भरा मेल

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अदालतों को मिला धमकी भरा मेल ‘जैश-ए-मोहम्मद’ के नाम से बनाई गई एक मेल आईडी से भेजा गया था। मेल मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीमों ने तीनों अदालत परिसरों को तुरंत खाली करवाया और बम स्क्वॉड द्वारा व्यापक जांच शुरू करवाई।

NIA को आरोपी पेश करना था, उससे पहले आया मेल

पटियाला हाउस कोर्ट को धमकी ऐसे समय मिली जब नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) मंगलवार को दिल्ली लाल किला कार ब्लास्ट मामले में आरोपी जसीर बिलाल वानी उर्फ़ दानिश को पेश करने वाली थी।
यह मेल सोमवार सुबह करीब 11 बजे भेजा गया, ठीक आरोपी की कोर्ट पेशी से पहले।

बताया जा रहा है कि जसीर, हमले में मारे गए आतंकी डॉ. उमर का करीबी दोस्त था। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कोर्ट परिसर में रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) भी तैनात की गई।

CRPF के दो स्कूलों को भी धमकी, बच्चों को हटाया गया सुरक्षित स्थान पर

सुबह करीब 9 बजे एक अज्ञात व्यक्ति ने पुलिस को फोन कर दावा किया कि प्रशांत विहार और द्वारका स्थित सीआरपीएफ के स्कूलों में विस्फोटक रखे गए हैं।
इसके बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ते तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों स्कूलों को एहतियातन खाली कराया गया।फायर ब्रिगेड द्वारा निरीक्षण के बाद स्कूलों में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और धमकी को अफवाह घोषित कर दिया गया।

अदालती कार्यवाही थोड़े समय के लिए रोकी गई

साकेत कोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व सचिव धीर सिंह कसाना ने बताया कि साकेत कोर्ट की कार्यवाही को लगभग दो घंटे के लिए स्थगित किया गया था और लंच के बाद इसे फिर शुरू कर दिया गया।
पटियाला हाउस अदालतों के नई दिल्ली बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष नवनीत पंवार ने भी पुष्टि की कि अदालती कामकाज सिर्फ थोड़ी देर के लिए रोका गया था।

धमकी देने वाला फोन बंद, पुलिस जांच में जुटी

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, स्कूलों को धमकी देने के बाद फोन करने वाले व्यक्ति का मोबाइल बंद हो गया है और उसकी लोकेशन तथा पहचान पता लगाने का प्रयास जारी है।
अधिकारियों ने बताया कि अब तक की जांच में कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां किसी भी आशंका को ध्यान में रखते हुए पूरी सतर्कता बरत रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us