मीडिया वाली

Youtube Live
ब्रेकिंग न्यूज़
नवीनतम समाचार लोड हो रहे हैं...

चिल्ला एलीवेटेड रोड परियोजना का निरीक्षण, निर्माण कार्य तेजी से जारी

Tags:
Mediawali news
नोएडा में यातायात जाम की समस्या को कम करने के उद्देश्य से निर्माणाधीन चिल्ला एलीवेटेड रोड परियोजना का आज नोएडा विधायक पंकज सिंह ने निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ यू.पी. ब्रिज कॉरपोरेशन और नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान परियोजना की प्रगति और निर्माण कार्य की गुणवत्ता की समीक्षा की गई।

892 करोड़ की लागत से बन रहा 6 लेन एलीवेटेड रोड

अधिकारियों ने विधायक को जानकारी देते हुए बताया कि करीब 892.75 करोड़ रुपये की लागत से बन रही यह एलीवेटेड रोड परियोजना 5.570 किलोमीटर लंबी होगी। परियोजना के तहत 6 लेन का आधुनिक एलीवेटेड रोड तैयार किया जा रहा है, जिससे नोएडा और दिल्ली के बीच यातायात को सुगम बनाया जा सके। अधिकारियों के अनुसार, अब तक परियोजना का लगभग 50 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है और शेष कार्य भी तेजी से कराया जा रहा है।

सेक्टर-94 तक जुड़ेगा एलीवेटेड रोड

परियोजना के अंतर्गत एलीवेटेड रोड को शाहदरा ड्रेन के समानांतर आगे बढ़ाते हुए कालिंदी कुंज रोड को पार कर सेक्टर-94 के समीप मुख्य मार्ग से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा चिल्ला एलीवेटेड रोड को पुस्ता रोड से भी कनेक्ट करने की योजना है। अधिकारियों ने बताया कि पुस्ता मार्ग के सुदृढ़ीकरण के बाद दिल्ली के मयूर विहार से नोएडा सेक्टर-150 की ओर जाने वाला ट्रैफिक बिना किसी रुकावट के सुचारु रूप से संचालित हो सकेगा। इससे रोजाना आने-जाने वाले हजारों लोगों को जाम से राहत मिलेगी।

कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान एसीईओ वंदना त्रिपाठी, जिला महामंत्री अमित त्यागी, ओमवीर अवाना, करतार चौहान, जीएम एस.पी. सिंह, पीई कपिल सिंह, बबलू यादव, नीरज चौधरी, शशिधर उपाध्याय, विपुल शर्मा, प्रदीप यादव सहित यू.पी. ब्रिज कॉरपोरेशन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios