बिल्हौर तहसील सभागार में लगा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, युवाओं से आगे आने की अपील
Mediawali news
कानपुर।बिल्हौर तहसील सभागार में शुक्रवार को द लायर्स एसोसिएशन के बैनर तले छठवें स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ ग्राम न्यायालय बिल्हौर के मजिस्ट्रेट विकास कुमार ने फीता काटकर किया। उन्होंने रक्तदान कर रहे लोगों को प्रमाणपत्र भी वितरित किए।
शिविर का आयोजन लायर्स एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट शुशांक मिश्रा के नेतृत्व में किया गया। बताया गया कि वर्ष 2020 में उनके अध्यक्षीय कार्यकाल के दौरान स्वैच्छिक रक्तदान अभियान की शुरुआत की गई थी, जो लगातार जारी है। इसी क्रम में यह छठवां रक्तदान शिविर आयोजित हुआ।
यूएचएम जिला चिकित्सालय कानपुर से आई डॉ. नेहा आहूजा के नेतृत्व में स्वास्थ्य टीम ने रक्त संग्रह की प्रक्रिया शुरू कराई। सबसे पहले कस्बा निवासी मोहम्मद इस्तिखार और जवाहर नगर बिल्हौर निवासी एडवोकेट सूरज तिवारी ने रक्तदान कर अभियान का शुभारंभ किया। इसके बाद अधिवक्ताओं और अन्य लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
मजिस्ट्रेट विकास कुमार ने कहा कि रक्त हमारे जीवन का अत्यंत महत्वपूर्ण हिस्सा है। रक्तदान एक श्रेष्ठ सामाजिक कार्य है, जिससे किसी गरीब और जरूरतमंद व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक रक्तदान करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि रक्तदान से किसी प्रकार की शारीरिक क्षति नहीं होती, क्योंकि शरीर में रक्त बनने की प्रक्रिया निरंतर चलती रहती है। विशेष रूप से युवाओं को इस पुनीत कार्य में आगे आना चाहिए।
उपजिलाधिकारी मनीष कुमार ने रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने दोनों अतिथियों का स्वागत किया।
स्वास्थ्य टीम की सदस्य डॉ. कौशिकी ने बताया कि एक स्वस्थ व्यक्ति प्रत्येक तीन माह बाद रक्तदान कर सकता है। नियमित रक्तदान से कई बीमारियों से बचाव होता है तथा शरीर में नई कोशिकाओं का निर्माण होता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान करने से किसी प्रकार का साइड इफेक्ट नहीं होता।
इस मौके पर लायर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट जनार्दन यादव, शीलू अग्निहोत्री, राजीव कटियार, अनुराग द्विवेदी, दीपक दीक्षित, अशोक चंद तिवारी, मोनू बाबा समेत तमाम अधिवक्ता मौजूद रहे।