आगरा चौपाटी जिप लाइन हादसा: 16 वर्षीय कुनाल की मौत, मां की चीखों से कांप उठा हर कोई

एडवेंचर का शौक बना मौत की वजह

Share your love
Mediawali news

Agra की चौपाटी में हुए दर्दनाक जिप लाइन हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। हादसे में 16 वर्षीय छात्र कुनाल अग्रवाल की मौत हो गई। बेटे की मौत के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल था। वह बेटे को गोद में उठाकर मदद की गुहार लगाती रही, जबकि पिता बेसुध होकर जमीन पर बैठ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना इतनी दर्दनाक थी कि मौके पर मौजूद लोगों की आंखों से भी आंसू निकल आए।

परिवार घूमने आया था आगरा

कुनाल अपने पिता पंकज अग्रवाल, मां रिंकी और छोटे भाई मयंक के साथ आगरा घूमने आया था। मयंक कक्षा 9 का छात्र है। परिवार रविवार सुबह करीब 11 बजे बस से आगरा पहुंचा था। सबसे पहले उन्होंने जीवनी मंडी स्थित खाटू श्याम मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद परिवार मूवी देखने गया और फिर शाम को चौपाटी घूमने पहुंचा। परिवार रात में रिश्तेदारों के घर जाने वाला था, लेकिन इससे पहले ही खुशियां मातम में बदल गईं।

जिप लाइन में बैठते ही हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार शाम करीब 5 बजे परिवार ने जिप लाइन के टिकट लिए। अपनी बारी आने पर कुनाल जिप लाइन पर बैठा। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि शुरुआत के कुछ सेकेंड बाद ही जिप लाइन का हुक टूटने लगा। कुनाल खुद को संभालने की कोशिश करता रहा, लेकिन वह करीब 45 फीट ऊंचाई से नीचे गिर गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कुनाल की मां दौड़ते हुए बेटे के पास पहुंचीं और उसे गोद में उठाकर रोने लगीं। वह लगातार कह रही थीं, “कोई मेरे लाल को बचा लो।”

स्टंट का शौकीन था कुनाल

परिजनों ने बताया कि कुनाल 11वीं कक्षा का छात्र था और पढ़ाई में काफी होशियार था। उसे एडवेंचर और स्टंट का भी बहुत शौक था। दोनों भाइयों ने यूट्यूब पर चौपाटी की जिप लाइन के वीडियो देखे थे। कुनाल कई दिनों से वहां जाने की जिद कर रहा था। आखिरकार माता-पिता उसे घुमाने लेकर आए, लेकिन उन्हें क्या पता था कि यह सफर आखिरी बन जाएगा।

हादसे ने खोली सिस्टम की पोल

घटना के बाद परिवार ने घायल बेटे को तुरंत अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन मौके पर कोई उचित व्यवस्था नहीं थी। प्रत्यक्षदर्शी मनोज ने बताया कि हादसे के बाद काफी देर तक कोई मदद नहीं मिली। करीब 15 मिनट बाद पुलिस पहुंची, लेकिन वाहन न होने की बात कही गई। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि चौपाटी में फर्स्ट एड की भी कोई व्यवस्था नहीं थी। करीब एक घंटे बाद एंबुलेंस पहुंची और कुनाल को एसएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल

हादसे के बाद कुनाल के पिता बेटे के शव से लिपटकर लगातार रोते रहे। वह बार-बार यही कहते रहे कि बेटे की जिद पर यहां आए थे और अब उनका सब कुछ खत्म हो गया। मां की चीखें और परिवार का दर्द देखकर मौके पर मौजूद लोग भी भावुक हो गए। घटना के बाद चौपाटी की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल उठने लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us