14 से 16 मई तक ग्रेटर नोएडा में होगा भारत शिक्षा एक्सपो-2026
Mediawali news, Noida
भारत शिक्षा एक्सपो-2026 का आयोजन 14 से 16 मई 2026 तक India Expo Centre and Mart में किया जाएगा। एक्सपो के तीसरे संस्करण को लेकर बुधवार को प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे ने कहा कि 12वीं बोर्ड परीक्षा के बाद छात्र सही कोर्स, कॉलेज और करियर चुनने को लेकर असमंजस में रहते हैं। ऐसे समय में यह एक्सपो विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के लिए एक बड़ा मार्गदर्शन मंच बनेगा।
छात्रों को मिलेगा करियर गाइडेंस
भारत शिक्षा एक्सपो-2026 में छात्रों को देश और विदेश में उपलब्ध उच्च शिक्षा के अवसरों की जानकारी दी जाएगी। यहां छात्र इंजीनियरिंग, मेडिकल, लॉ, मैनेजमेंट, डिजाइन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस और स्किल डेवलपमेंट जैसे क्षेत्रों के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्रों को भी स्ट्रीम चयन और भविष्य के करियर विकल्पों को लेकर विशेषज्ञों से सलाह मिलेगी।
देश-विदेश के संस्थान होंगे शामिल
एक्सपो में देश और विदेश के कई विश्वविद्यालय, कॉलेज, स्कूल, एडटेक कंपनियां और स्किल डेवलपमेंट संस्थान हिस्सा लेंगे। इसके अलावा स्टडी-अब्रॉड कंसल्टेंट्स और शिक्षा सेवा प्रदाता भी छात्रों और अभिभावकों को सीधे जानकारी देंगे। इससे छात्रों को अलग-अलग संस्थानों और कोर्स की तुलना करने में आसानी होगी।
कई खास कार्यक्रम होंगे आयोजित
कार्यक्रम के दौरान सेमिनार, पैनल डिस्कशन, मास्टरक्लास, क्विज, हैकाथॉन, आइडियाथॉन और कोडथॉन जैसे कई आयोजन किए जाएंगे। एक्सपो के प्रमुख विषयों में “Join IIT Madras Without JEE”, “NEP 2020 in Action”, “AI Advantage for Personalized Learning” और “AI-Driven Transformation of Higher Education” जैसे सत्र शामिल रहेंगे।
NEP 2020 पर रहेगा फोकस
यह एक्सपो राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत बहुविषयक शिक्षा, कौशल विकास, नवाचार और डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने पर केंद्रित रहेगा। आयोजकों का कहना है कि यह मंच छात्रों को सही जानकारी देकर भविष्य के लिए बेहतर निर्णय लेने में मदद करेगा।
अधिकारियों ने क्या कहा?
सुदीप सरकार ने कहा कि सही कॉलेज और कोर्स का चयन छात्रों के जीवन का सबसे महत्वपूर्ण फैसला होता है। यह एक्सपो छात्रों और अभिभावकों को विशेषज्ञों से सीधे जुड़ने और सही मार्गदर्शन पाने का अवसर देगा। इस अवसर पर राहुल पवार, दीपा भाटी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।