14 साल का इंतजार खत्म… बीटा-1 ऑफिसर्स कॉलोनी के सामने बनेगा पार्क
पूजा-पाठ के साथ शुरू हुआ निर्माण कार्य
ग्रेटर नोएडा के बीटा-1 सेक्टर के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। करीब 13-14 साल से जिस पार्क की मांग की जा रही थी, आखिरकार उसका निर्माण कार्य शुरू हो गया। शनिवार को आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों और क्षेत्रवासियों ने पूजा-अर्चना और नारियल फोड़कर पार्क निर्माण का शुभारंभ किया। लंबे संघर्ष के बाद शुरू हुए इस काम को इलाके के लोगों ने ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
Mediawali news, Noida
ग्रेटर नोएडा आरडब्ल्यूए बीटा-1 की मासिक समीक्षा बैठक सेक्टर स्थित सामुदायिक केंद्र में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आरडब्ल्यूए अध्यक्ष संगीता शर्मा ने की, जबकि संचालन महासचिव हरेंद्र भाटी ने किया। बैठक में सेक्टर के विकास कार्यों, साफ-सफाई, पार्कों के सौंदर्यीकरण और क्षेत्र की अन्य समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में फैसला लिया गया कि बीटा-1 के सभी पार्कों में दिशा-निर्देश और सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे। इन बोर्डों पर योग स्थल, बच्चों के खेलने की जगह, क्रिकेट और वॉलीबॉल क्षेत्र जैसी जानकारी दी जाएगी। साथ ही लोगों से पार्कों में कूड़ा न फैलाने की अपील भी की जाएगी।
बाउंड्री वॉल के काम का विधिवत शुभारंभ किया
इस दौरान सेक्टर बीटा-1 ऑफिसर्स कॉलोनी के सामने वर्षों से खाली पड़ी जमीन पर पार्क निर्माण और बाउंड्री वॉल के काम का विधिवत शुभारंभ किया गया। आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने पूजा-पाठ कर निर्माण कार्य शुरू कराया। मौके पर मौजूद लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अब बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को बेहतर वातावरण मिलेगा। आरडब्ल्यूए महासचिव हरेंद्र भाटी की लोगों ने खास तौर पर सराहना की। पदाधिकारियों ने बताया कि हरेंद्र भाटी पिछले 13-14 वर्षों से लगातार इस पार्क की मांग ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सामने उठाते रहे। उनके लगातार प्रयासों का ही नतीजा है कि अब पार्क निर्माण का काम शुरू हो सका है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और उद्यान विभाग का जताया आभार
आरडब्ल्यूए संरक्षक देवीशरण शर्मा ने कहा कि यह पूरे सेक्टर के लिए बड़ी उपलब्धि है। वहीं अध्यक्ष संगीता शर्मा ने बताया कि पार्क में झूले, हरियाली और आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे क्षेत्र का माहौल और बेहतर होगा। कोषाध्यक्ष एडवोकेट विपिन भाटी ने कहा कि क्षेत्र के लोग लंबे समय से इस पार्क का इंतजार कर रहे थे और अब उनका सपना पूरा होता दिख रहा है। बैठक में शीतला प्रसाद, विनोद कसाना, राजवीर सिंह, ओमप्रकाश शर्मा, सुनील भाटी, अनवर हुसैन, एसके सैनी, डॉक्टर धर्मेंद्र सिंह और चौधरी जयपाल सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे। अंत में आरडब्ल्यूए की ओर से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और उद्यान विभाग का आभार जताया गया।