सिर और हथेली की तलाश में पुलिस ने झोंकी पूरी ताकत
13 टीमें जांच में जुटीं, 700 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले
नोएडा के सेक्टर-108 स्थित कट-82 चौकी के पास मिली महिला की सिर कटी लाश मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। शव मिलने के 48 घंटे बाद भी महिला के सिर और हथेली का कोई सुराग नहीं मिला है। शनिवार को पुलिस ने जेसीबी से नाले की सफाई कर तलाशी अभियान चलाया, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। अब तक कुल 13 टीमें — जिसमें स्वॉट और सीआरटी भी शामिल हैं — पहचान और हत्यारोपी की तलाश में लगी हैं।
घटनास्थल के पास करीब 80 मीटर लंबे नाले की सफाई कराई गई और सेक्शन मशीन से शव के बाकी हिस्सों की तलाश की गई। पुलिस ने बीते दो दिनों में पांच वाहन चालकों से पूछताछ की है और कुछ वाहनों को कब्जे में लिया है। वहीं गाजियाबाद, दिल्ली और नोएडा के आठ परिवारों ने पुलिस से संपर्क किया है, जिनकी महिलाएं या युवतियां हाल ही में लापता हुई हैं।
जांच में सामने आया है कि हत्या बेहद योजनाबद्ध तरीके से की गई। आरोपी ने लाश को उस स्थान पर फेंका, जहां सीसीटीवी कवरेज नहीं था और रात के समय अंधेरा रहता है। पुलिस को शक है कि हत्या ब्लैकमेलिंग या किसी रिश्ते में विवाद के कारण हुई है। घटनास्थल से मिले खून के नमूने फोरेंसिक लैब भेजे गए हैं।
एक सफाईकर्मी ने दावा किया कि तलाशी के दौरान नाले से खून से सनी थैली भी मिली थी, हालांकि पुलिस ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है। सिर कटी लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है, और पुलिस लगातार सुराग जुटाने में लगी हुई है।