शेयर मार्केट में निवेश का झांसा देकर रिटायर्ड इंजीनियर से 29 लाख की ठगी
वॉट्सऐप ग्रुप पर जोड़कर दी फर्जी ट्रेनिंग, निवेश के नाम पर उड़ाए लाखों रुपये
नोएडा में एक रिटायर्ड इंजीनियर को शेयर मार्केट में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने 29 लाख रुपये की चपत लगा दी। ठगों ने पहले वॉट्सऐप ग्रुप के माध्यम से पीड़ित से संपर्क किया और फर्जी ट्रेनिंग देकर भरोसा जीत लिया। इसके बाद उन्होंने एक ऐप डाउनलोड करवाया, जिस पर निवेश की रकम बढ़ती हुई दिखाई जा रही थी। इसी के झांसे में आकर इंजीनियर ने कई बार में कुल 29 लाख 19 हजार रुपये ठगों द्वारा बताए गए खातों में ट्रांसफर कर दिए।
सेक्टर 11 निवासी सुनील कुमार गुप्ता ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 18 सितंबर को मीना जोशी नाम की महिला ने वॉट्सऐप पर संपर्क किया और बाद में आरव गुप्ता नाम के व्यक्ति से बात कराई, जिसने खुद को एक एसीएस कंपनी का सीईओ बताया। दोनों ने दावा किया कि शेयर, म्यूचल फंड और आईपीओ में निवेश कर अल्प समय में तीन गुना तक मुनाफा कमाया जा सकता है। शुरुआती निवेश पर जब पीड़ित को थोड़ा मुनाफा दिखाया गया और रकम निकालने की अनुमति दी गई, तो उनका विश्वास और बढ़ गया। इसके बाद उन्होंने बार-बार रुपये निवेश किए।
जब इंजीनियर ने रकम निकालने की कोशिश की तो उन्हें “टैक्स भुगतान” के नाम पर टाल-मटोल किया गया। बार-बार पूछने पर ठगों ने उन्हें ग्रुप से निकाल दिया और मोबाइल नंबर बंद कर दिए। जांच में पता चला कि जिस ग्रुप में पीड़ित को जोड़ा गया था, उसके अन्य सदस्य भी ठग गिरोह का हिस्सा थे, जो फर्जी स्क्रीनशॉट साझा कर नए लोगों को निवेश के लिए फंसाते थे।
एडिशनल डीसीपी साइबर शैव्या गोयल ने बताया कि ठगी में जिन खातों का उपयोग किया गया है, उनकी जांच की जा रही है। रकम को फ्रीज और होल्ड कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस साइबर अपराधियों की तलाश में जुटी है।