मीडिया वाली

Youtube Live
ब्रेकिंग न्यूज़
नवीनतम समाचार लोड हो रहे हैं...
NCR

रैपिडो बाइक चालक की लापरवाही से महिला पैसेंजर गंभीर रूप से घायल

 

पीड़िता ने चालक और कंपनी पर कार्रवाई की मांग की

नोएडा। दिल्ली से रैपिडो बाइक बुक कर नोएडा आ रही एक महिला पैसेंजर बाइक चालक की कथित लापरवाही का शिकार हो गई। हादसा नोएडा–ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर दलित प्रेरणा स्थल के पास हुआ, जहां चालक ने बिना संकेत दिए अचानक यू-टर्न ले लिया। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अन्य वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

बिना संकेत दिए लिया यू-टर्न, हुआ हादसा

पीड़िता रोजिया रोज, निवासी शकरपुर (दिल्ली), ने बताया कि उन्होंने 30 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे नोएडा सेक्टर-95 स्थित दलित प्रेरणा स्थल जाने के लिए रैपिडो बाइक बुक की थी। आरोप है कि बाइक चालक अक्षय कुमार पार्क के गेट नंबर-2 के पास अचानक बिना किसी इंडिकेटर या संकेत के यू-टर्न ले बैठा। इसी दौरान एक अन्य वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गईं।

नकली हेलमेट देने का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि चालक ने उन्हें आईएसआई मार्क रहित हाफ हेलमेट दिया था, जो गिरने के दौरान सुरक्षा नहीं दे सका। हादसे में महिला को सिर, चेहरे, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सेक्टर-137 स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घायल को छोड़कर फरार हुआ चालक

पीड़िता के अनुसार, हादसे के बाद वह बेहोश हो गई थीं। होश आने पर स्थानीय लोगों ने उन्हें सड़क किनारे किया और डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। इसी बीच बाइक चालक मौके से फरार हो गया और उसने किराया भी नहीं लिया। पीड़िता का कहना है कि इलाज का पूरा खर्च उन्हें खुद उठाना पड़ रहा है।

पुलिस ने दर्ज किया केस

मामले में सेक्टर-39 थाना पुलिस ने चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 125ए और 281 के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, यदि कोर्ट में आरोप साबित होते हैं तो चालक को 3 से 6 महीने की जेल या 2500 से 5000 रुपये तक जुर्माना हो सकता है।

सीसीटीवी से चालक की तलाश

पुलिस ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी चालक की पहचान की जा रही है। वहीं पीड़िता ने रैपिडो कंपनी और बाइक चालक दोनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios