प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 45 स्वास्थ्य कर्मियों का सम्मान

Share your love

Mediawali news, Noida

प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस के तहत वर्ष 2025–26 में सराहनीय कार्य करने वाले 45 स्वास्थ्य कर्मियों को सीएमओ कार्यालय के सभागार में सम्मानित किया गया। इस समारोह में डॉक्टर, स्टाफ नर्स, एएनएम, आशा, लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट सहित कई कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और शील्ड देकर सम्मान दिया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर. के. सिरोहा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि इन स्वास्थ्य कर्मियों ने गांव-गांव और अस्पतालों में जाकर गर्भवती महिलाओं को जरूरी सेवाएं देकर सराहनीय योगदान दिया है।

 मातृ स्वास्थ्य सुधार पर विशेष जोर

अधिकारियों ने बताया कि जिले में मातृ और शिशु मृत्यु दर को कम करने के लिए इस अभियान को और मजबूत किया जा रहा है। इसके तहत हर महीने 1, 9, 16 और 24 तारीख को गर्भवती महिलाओं की मुफ्त जांच की जाती है, जिसमें ब्लड टेस्ट, बीपी, यूरिन टेस्ट और अल्ट्रासाउंड शामिल हैं।

डॉ. संजीव ने बताया कि इस अभियान में हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उनका विशेष ध्यान रखा जाता है। वहीं, डॉ. हरी मोहन गर्ग ने चिकित्सकों से हर महीने कम से कम एक दिन नि:शुल्क सेवा देने की अपील की।

जिला मातृ स्वास्थ्य सलाहकार राजेंद्र प्रसाद के अनुसार, जिले के 45 अस्पतालों में यह अभियान चल रहा है और इसमें आयरन, कैल्शियम दवाएं, परामर्श और जरूरी देखभाल सेवाएं दी जा रही हैं।
 इस पहल का उद्देश्य हर गर्भवती महिला को सुरक्षित और स्वस्थ मातृत्व सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us