मीडिया वाली

Youtube Live
ब्रेकिंग न्यूज़
नवीनतम समाचार लोड हो रहे हैं...

नोएडा में तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ, सांसद डॉ. महेश शर्मा ने किया उद्घाटन

Tags:
प्रगति पथ

Mediawali news, नोएडा

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गौतमबुद्धनगर में आयोजित तीन दिवसीय “विकास प्रदर्शनी” का मंगलवार को सेक्टर-91 स्थित पंचशील बालक इंटर कॉलेज में भव्य शुभारंभ किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन सांसद डॉ. महेश शर्मा ने फीता काटकर किया। इस दौरान जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सांसद डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों को आम जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश तेजी से विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहे हैं तथा सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।

17 से 19 जून तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में युवा सशक्तिकरण, महिला कल्याण, गरीब कल्याण, आधारभूत संरचना, औद्योगिक विकास, सुशासन और विकसित उत्तर प्रदेश-2047 के विजन से जुड़े विकास कार्यों को प्रदर्शित किया गया है। सूचना विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल में केंद्र और प्रदेश सरकार की प्रमुख उपलब्धियों और योजनाओं की झलक दिखाई गई। प्रदर्शनी में लगाया गया ‘सेल्फी विद पीएम’ प्वाइंट लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। बड़ी संख्या में आगंतुकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कटआउट के साथ सेल्फी लेकर उत्साह दिखाया।

विकास प्रदर्शनी में सूचना, शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, उद्योग, श्रम, पशुपालन, मत्स्य, वन और सेवायोजन विभाग सहित कई विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं। श्रम विभाग ने 25 श्रमिकों का पंजीकरण किया, जबकि स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए शिविर में छह आयुष्मान कार्ड बनाए गए। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा विभाग ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता और संसद में महिला आरक्षण बिल विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया। इसमें सादिया ने प्रथम, अंशुमान ने द्वितीय और कृष्ण ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 18 जून को निबंध लेखन और 19 जून को चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios