नोएडा ट्रैफ़िक: हर दिन औसतन 15 वीवीआईपी आगमन, जाम से कैसे मिलेगा निजात

वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान ट्रैफिक पुलिस सतर्कता के साथ चौक-चौराहों और मुख्य मार्गों पर जिम्मेदारी संभालती है।

Share your love

देश के सबसे संवेदनशील और व्यस्त वीवीआईपी मूवमेंट वाले जिलों में शामिल गौतमबुद्धनगर में बीते एक साल के दौरान पुलिस ने 5491 वीवीआईपी और अति विशिष्ट व्यक्तियों के दौरे के दौरान सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था संभाली। नोएडा ट्रैफ़िक: आंकड़ों के मुताबिक 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच जिले में औसतन हर दिन 15 वीवीआईपी आगमन हुए। इसके बावजूद सभी कार्यक्रम बिना किसी बड़ी बाधा के संपन्न कराए गए। हालांकि कई बार लोगों को जाम की स्थिति का सामना करना पड़ता है, जिसका मुख्य कारण वीवीआईपी मूवमेंट को माना जाता है।

डीसीपी ट्रैफिक अभय कुमार मिश्र ने बताया कि पिछले एक साल की अवधि में भारत के उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, उत्तर प्रदेश के राज्यपाल और मुख्यमंत्री समेत कई राज्यों के राज्यपालों और मुख्यमंत्रियों का गौतमबुद्धनगर आगमन हुआ। इसके अलावा केंद्रीय और राज्य मंत्रियों, न्यायपालिका के वरिष्ठ न्यायाधीशों, विदेशी प्रतिनिधियों और अन्य विशिष्ट व्यक्तियों के भी लगातार दौरे हुए। कुल 5491 वीवीआईपी मूवमेंट में 164 जेड प्लस श्रेणी के महानुभावों का आगमन शामिल रहा, जो कुल वीवीआईपी मूवमेंट का लगभग 3 प्रतिशत है। बाकी 97 प्रतिशत दौरे अन्य वीआईपी, वीवीआईपी, विदेशी मेहमानों और विशिष्ट अधिकारियों के रहे।

इन कार्यक्रमों के दौरान पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को समय-समय पर विस्तृत ब्रीफिंग दी। उन्हें सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण, रूट डायवर्जन, भीड़ प्रबंधन और आपात स्थिति से निपटने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने सभी कर्मियों को ड्यूटी के दौरान सतर्कता और अनुशासन बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

एंटी-सैबोटाज, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते से जांच

पुलिस ने हर वीवीआईपी कार्यक्रम से पहले सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत एंटी-सैबोटाज चेकिंग कराई। डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ते और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई। इसके साथ ही विभिन्न इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखा गया। वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान आम लोगों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए ट्रैफिक संचालन की विशेष योजना बनाई गई। वैकल्पिक मार्गों और ट्रैफिक डायवर्जन की जानकारी सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से समय-समय पर जारी की गई।

हर दिन वीवीआईपी आगमन का ट्रैफिक पर पड़ता है असर

पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार नोएडा में रोजाना औसतन 15 वीवीआईपी का आगमन होता है। इनके काफिले के गुजरने के दौरान कुछ समय के लिए ट्रैफिक रोका जाता है। इससे लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। कई बार लोग सोशल मीडिया के माध्यम से इसका विरोध भी जता चुके हैं।

Saurabh Yadav
Saurabh Yadav
Articles: 90

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us