नोएडा शिल्प हाट में उत्तर प्रदेश दिवस-2026 का भव्य शुभारंभ
उत्तर प्रदेश की स्थापना की स्मृति, संस्कृति और विकास को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश दिवस-2026 का आयोजन 24 से 26 जनवरी तक शिल्प हाट, सेक्टर-33ए, नोएडा में भव्य रूप से शुरू हुआ।
माननीय सांसद ने किया उद्घाटन
कार्यक्रम का उद्घाटन माननीय सांसद डॉ. महेश शर्मा ने रिबन काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, विधान परिषद सदस्य चंद शर्मा, दादरी विधायक तेजपाल सिंह नागर, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
लखनऊ से हुआ मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण
उत्तर प्रदेश दिवस के मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से किया। इसका सजीव प्रसारण शिल्प हाट में एलईडी स्क्रीन पर दिखाया गया। साथ ही मंडलीय विकास परियोजनाओं पर आधारित लघु फिल्म भी दिखाई गई।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन
कार्यक्रम में जनपद के 15 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना, देशभक्ति गीत, लोकनृत्य और शास्त्रीय संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। रागिनी गायक ब्रह्मपाल नागर की प्रस्तुति को भी खूब सराहना मिली। इस अवसर पर गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया गया।
सरकारी योजनाओं की प्रदर्शनी
यूपी दिवस में ODOP, मिशन शक्ति, स्टार्टअप, पर्यटन, उद्योग, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी सरकारी योजनाओं पर आधारित करीब 120 स्टॉल लगाए गए हैं। जनप्रतिनिधियों ने स्टॉलों का भ्रमण कर योजनाओं की जानकारी ली और लाभार्थियों से संवाद किया।
सम्मान और आमजन से अपील
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी, बैंक सखी, विद्युत सखी और मेधावी छात्रों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी ने आमजन से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर उत्तर प्रदेश की कला, संस्कृति और विकास से जुड़े इस उत्सव का लाभ उठाएँ।