नोएडा में नाले की सफाई के दौरान मिली हड्डी, इंसान की होने की आशंका
पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू की, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
नोएडा। सेक्टर-34 स्थित सुरभि अस्पताल के पास नाले की सफाई के दौरान सोमवार दोपहर एक हड्डी मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सफाई कर्मियों ने जब यह हड्डी देखी, तो तुरंत इसकी सूचना सेक्टर-24 थाने की पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और हड्डी को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह किसी जानवर की हड्डी लग रही है। हालांकि स्थानीय लोगों का दावा है कि यह इंसानी शरीर का आधा हिस्सा प्रतीत हो रहा था — कमर के नीचे का हिस्सा, जिस पर जिंस भी दिखाई दे रही थी।
सूचना के बाद सेक्टर-51 चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि दोपहर करीब तीन बजे सफाई के दौरान नाले में एक गठ्ठर में हड्डी दिखाई दी थी। कुछ ही देर में वहां बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और वीडियो बनाने लगे। पुलिस ने भीड़ को हटाया और सफाई कर्मी को नाले में उतरकर हड्डी बाहर निकालने के निर्देश दिए।
हड्डी को कब्जे में लेकर पैक किया गया और ई-रिक्शा से सेक्टर-94 पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हड्डी नाले में बहकर किसी दूसरी जगह से आ सकती है। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि हड्डी इंसान की है या जानवर की। फिलहाल पुलिस ने आसपास के इलाकों की भी जांच शुरू कर दी है।