मुंबई की महिला कर रही ब्लैकमेल, पति के बचाव में उतरी पत्नी
मेकअप स्टूडियो चलाने वाली महिला ने सेक्टर-39 थाने में दर्ज कराया केस
नोएडा। सेक्टर-48 में मेकअप स्टूडियो चलाने वाली एक महिला अपने पति को ब्लैकमेलिंग से बचाने के लिए खुद सामने आई है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि मुंबई की रहने वाली एक महिला उनके पति की फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल कर रही है। इस संबंध में महिला ने सेक्टर-39 थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
सेक्टर-45 स्थित एनआरआई रेजिडेंसी सोसाइटी में रहने वाली पीड़िता ने बताया कि 16 अगस्त को एक महिला ने उनके वॉट्सऐप पर मैसेज किया और खुद को नेहा कौसर बताया। इसके बाद 20 अगस्त को आरोपी महिला ने पीड़िता के इंस्टाग्राम अकाउंट पर कई वीडियो भेजे, जिनमें पीड़िता का पति मुंबई की उस महिला के साथ नजर आ रहा था।
पीड़िता ने जब इस बारे में आरोपी से बात की, तो उसने गाली-गलौज करते हुए दावा किया कि वह पीड़िता के पति की “पत्नी” है। यही नहीं, आरोपी महिला ने धमकी दी कि अगर पीड़िता अपने पति को मुंबई नहीं भेजेगी, तो वह उसके खिलाफ झूठे केस दर्ज करा देगी और वीडियो वायरल कर देगी।
पीड़िता ने बताया कि उसका पति अक्सर बिजनेस के सिलसिले में मुंबई जाता था और वहीं उसकी मुलाकात आरोपी महिला से हुई थी। आरोपी ने कई बार झूठे मुकदमे की धमकी देकर पैसे ऐंठे और अब सोशल मीडिया के जरिए दबाव बना रही है।
पीड़िता ने यह भी बताया कि 9 सितंबर को आरोपी महिला पुलिस के साथ उनके घर पहुंची और गलत जानकारी देकर गुमराह किया। इसके बाद 23 और 25 अक्टूबर को आरोपी ने उनके मेकअप स्टूडियो में आग लगाने और जान से मारने की धमकी दी। इन धमकियों की रिकॉर्डिंग भी पीड़िता के पास मौजूद है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारी मामले की साइबर एंगल से भी जांच कर रहे हैं।