नोएडा हाट में कॉलेज फ्रेशर पार्टी के दौरान बवाल, डीजे पर डांस करते समय छात्र गुटों में मारपीट

Share your love

लात-घूंसे चले, बीसीए छात्र के सिर में लगी धातु, गंभीर रूप से घायल


सेक्टर-24 थाना क्षेत्र स्थित सेक्टर-30 नोएडा हाट में गुरुवार शाम आयोजित एक कॉलेज की फ्रेशर पार्टी उस समय हंगामे में बदल गई, जब डीजे पर डांस के दौरान छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए। मामूली कहासुनी के बाद शुरू हुई बहस देखते ही देखते मारपीट में तब्दील हो गई। इस दौरान लात-घूंसे चले और एक बीसीए छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया।

डीजे पर डांस के दौरान शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, सेक्टर-62 स्थित एक कॉलेज की ओर से गुरुवार दोपहर नोएडा हाट में फ्रेशर पार्टी का आयोजन किया गया था। दोपहर करीब तीन बजे कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। पहले सभी को भोजन कराया गया, इसके बाद डीजे पर डांस शुरू हुआ।

इसी दौरान बीकॉम और बीसीए के छात्रों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के छात्र एक-दूसरे पर टूट पड़े।

सिर में कड़ा लगने से छात्र लहूलुहान

मारपीट के दौरान बीकॉम के एक छात्र का हाथ में पहना धातु का कड़ा बीसीए छात्र के सिर में जा लगा। चोट लगते ही छात्र के सिर से खून बहने लगा। घायल अवस्था में छात्र को मौके से बाहर ले जाया गया। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

कार्यक्रम तत्काल किया गया समाप्त

झगड़े की सूचना मिलते ही कॉलेज प्रबंधन ने स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन माहौल बिगड़ता देख फ्रेशर पार्टी को तत्काल समाप्त कर दिया गया। सभी छात्रों को उनके घर भेज दिया गया। घायल छात्र को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

शिक्षकों को भी झेलना पड़ा छात्रों का गुस्सा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मारपीट केवल दो छात्रों तक सीमित नहीं रही, बल्कि उनके दोस्तों के बीच भी हाथापाई हुई। स्थिति को शांत कराने पहुंचे शिक्षकों को भी छात्रों के गुस्से का सामना करना पड़ा। कुछ छात्रों ने घटना के वीडियो भी अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किए।

पुलिस जांच के इंतजार में मामला

सेक्टर-24 थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि छात्रों के बीच हुई मारपीट में एक छात्र घायल हुआ है, जिसे अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल पुलिस को किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us