मरम्मत के लिए आए 1500 से अधिक मोबाइल फोन रहस्यमय तरीके से गायब

Share your love
कंपनी के आठ कर्मचारियों पर चोरी का आरोप, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

नोएडा सेक्टर-57 स्थित एक निजी कंपनी में उस समय हड़कंप मच गया जब पता चला कि मरम्मत के लिए आए 1566 मोबाइल फोन गायब हो गए हैं। कंपनी के अधिकारियों ने चोरी का आरोप दो सुरक्षा गार्डों सहित आठ कर्मचारियों पर लगाया है। मामले की शिकायत सेक्टर-58 थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर जांच शुरू कर दी है।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-16 पैराडाइज ग्रीन विला में रहने वाले सूरज कुमार दास, जो कंपनी में सिविलियन स्विच बोर्ड ऑपरेटर (CSBO) के पद पर कार्यरत हैं, ने बताया कि कंपनी में एक नामी मोबाइल ब्रांड के पुराने फोन मरम्मत के लिए आते हैं। उन्हें एक विक्रेता से सूचना मिली कि कंपनी के वही मोबाइल फोन बाजार में सस्ते दामों पर बेचे जा रहे हैं। सूचना के बाद कंपनी ने तुरंत एक आंतरिक जांच समिति गठित की।

आंतरिक जांच में खुलासा — जुलाई से सितंबर के बीच हुआ गबन


जांच टीम में शिकायतकर्ता सूरज दास, कंपनी प्रबंधक अनिल विश्नोई, स्टॉक इंचार्ज जाहिद और मोहित शामिल थे। स्टॉक जांच के दौरान पाया गया कि 1566 मोबाइल फोन स्टोर से गायब हैं। पूछताछ में सामने आया कि कर्मचारियों कबीर, अजय कुमार, सुहेल, इंजमाम अली खान, अभिषेक पांडे, अनुज कुमार, और सुरक्षा गार्ड पंकज व शिवकुमार की निगरानी में यह गड़बड़ी हुई।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि जुलाई से सितंबर के बीच इन कर्मचारियों ने मोबाइल फोन गायब किए और उन्हें सस्ते दामों पर बाजार में बेच दिया। जब कंपनी ने फोन वापस मांगे तो आरोपियों ने देने से इनकार कर दिया। चौंकाने वाली बात यह है कि हाल ही में कंपनी को मरम्मत के लिए वही मोबाइल फोन दोबारा भेजे गए, जो पहले से कंपनी के स्टॉक में होने चाहिए थे।

पुलिस ने कहा कि कंपनी से सभी मोबाइल फोनों के IMEI नंबर मांगे गए हैं, ताकि उन्हें ट्रेस कर बरामद किया जा सके। दोषी पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us