Mediawali news, Noida
गौतमबुद्धनगर में बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपदवासियों को हीट वेव से सुरक्षित रखने के लिए कई जरूरी निर्णय लिए गए। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी विभाग मिलकर समन्वय के साथ काम करें और हीट वेव एक्शन प्लान को पूरी तरह लागू करें।
स्वास्थ्य और राहत व्यवस्थाओं पर विशेष जोर
बैठक में स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए गए कि सभी सरकारी अस्पतालों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर डॉक्टरों की उपलब्धता 24 घंटे सुनिश्चित की जाए। साथ ही दवाइयों, ओआरएस और अन्य जरूरी तरल पदार्थों का पर्याप्त स्टॉक रखा जाए। 108 और 102 एम्बुलेंस सेवाओं को भी पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए।
परिवहन विभाग को बस अड्डों पर छाया और ठंडे पानी की व्यवस्था करने को कहा गया। वहीं नगर निकायों और पंचायत विभाग को सार्वजनिक स्थानों पर प्याऊ और कूलिंग सेंटर शुरू करने के निर्देश दिए गए।
स्कूलों और श्रमिकों के लिए विशेष निर्देश
जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग को स्कूलों में पीने के पानी, पंखों और बिजली की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बच्चों को लू से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक करने को भी कहा गया।
निर्माण स्थलों पर काम करने वाले श्रमिकों को लेकर भी प्रशासन गंभीर दिखा। जिलाधिकारी ने कहा कि दोपहर की तेज गर्मी में श्रमिकों से काम न कराया जाए। इस समय को आराम और भोजन के लिए तय किया जाए। श्रमिकों के लिए ठंडा पानी, छाया और ओआरएस की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।
पेड़-पौधों और बिजली व्यवस्था पर ध्यान
वन विभाग को ज्यादा से ज्यादा पौधारोपण करने और हरियाली बढ़ाने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया ताकि लोगों को गर्मी में परेशानी न हो। अग्निशमन विभाग को भी 24 घंटे अलर्ट मोड में रहने और सभी संसाधनों को तैयार रखने के निर्देश दिए गए।
गैस पाइपलाइन सुरक्षा पर भी हुई चर्चा
बैठक के दौरान गेल इंडिया लिमिटेड ने गैस पाइपलाइन सुरक्षा को लेकर प्रस्तुति दी। जिलाधिकारी ने कहा कि पाइपलाइन के आसपास किसी भी तरह का अवैध निर्माण या खुदाई न होने दी जाए। इसके लिए लोगों को जागरूक करने और सभी विभागों को मिलकर काम करने के निर्देश दिए गए। बैठक में कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।