ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अवैध कॉलोनाइजर के खिलाफ की बड़ी कार्यवाही, 60 करोड़ की कीमत की जमीन कराई कब्जा मुक्त।

Share your love
greater noida news
भनौता गांव में चला प्राधिकरण का पीला पंजा, 30 हजार वर्ग मीटर अवैध निर्माण ध्वस्त

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भनौता गांव में करीब 30 हजार वर्ग मीटर जमीन को कब्जा मुक्त कराया है। इस जमीन की अनुमानित कीमत करीब 60 करोड़ रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान अवैध निर्माण और प्लॉटिंग को बुल्डोजर से ध्वस्त कर दिया गया।

इस जमीन में करीब 8000 वर्ग मीटर प्राधिकरण की अधिग्रहित और कब्जा प्राप्त भूमि भी शामिल थी, जिस पर पहले ही मुआवजा दिया जा चुका था। बावजूद इसके, कॉलोनाइजर इस जमीन को अनधिकृत खसरा नंबर की बताकर बेचने की कोशिश कर रहे थे।

अवैध प्लॉटिंग पर कड़ी चेतावनी, दोबारा निर्माण पर होगी कानूनी कार्रवाई

प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर भूलेख और परियोजना विभाग के वर्क सर्किल-2 की टीम ने यह अभियान चलाया। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने स्पष्ट चेतावनी दी कि अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति और नक्शा पास कराए किए गए किसी भी निर्माण के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

उन्होंने आम जनता से अपील की कि ग्रेटर नोएडा में जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से पूरी जानकारी जरूर लें, ताकि अवैध कॉलोनी में निवेश कर नुकसान न उठाना पड़े।

महाप्रबंधक परियोजना ए.के. सिंह के अनुसार, कॉलोनाइजर भनौता के खसरा नंबर 238 और 239 की जमीन पर घर और बाउंड्री बनाकर प्लॉटिंग करने की कोशिश कर रहे थे। कार्रवाई के दौरान वरिष्ठ प्रबंधक नरोत्तम सिंह, प्रबंधक रोहित गुप्ता सहित अन्य अधिकारी और सुरक्षा कर्मी मौजूद रहे।

प्राधिकरण अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि दोबारा अवैध निर्माण किया गया, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Ramesh Parihar
Ramesh Parihar
Articles: 10

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us