एसआईटी रिपोर्ट के इंतजार में युवराज के पिता बेटी के साथ लंदन रवाना
Noida news
एक महीने बाद भी एसआईटी रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं
नोएडा। सेक्टर-150 टी-प्वाइंट पर हुए हादसे में इंजीनियर युवराज मेहता की मौत के बाद उनके पिता राजकुमार मेहता बेटी के साथ लंदन चले गए हैं। घटना को करीब एक महीना बीत चुका है, लेकिन अभी तक गठित एसआईटी (विशेष जांच दल) की रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई है।
हर कोई यह जानना चाहता है कि जांच में किस विभाग और किस अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आई है और उनके खिलाफ क्या कार्रवाई होगी।
16 जनवरी को हुआ था दर्दनाक हादसा
16 जनवरी की रात करीब 11 बजे गुरुग्राम से सेक्टर-150 लौट रहे युवराज मेहता की कार बेसमेंट के लिए खोदे गए प्लॉट में भरे पानी में जा गिरी थी। हादसा सेक्टर-150 टी-प्वाइंट के पास हुआ, जहां खुले और पानी से भरे गड्ढे में कार गिर गई।
घंटों चला रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे के बाद ग्रेटर नोएडा नॉलेज पार्क थाना पुलिस, दमकल विभाग, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम ने कई घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। युवराज को बाहर निकालकर कैलाश अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू प्रयासों के बावजूद युवराज को नहीं बचाया जा सका, जिससे सिस्टम की लापरवाही के सवाल खड़े हुए थे।
लापरवाही की जांच के लिए गठित हुई थी एसआईटी
लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई के लिए गठित एसआईटी को पांच दिन में रिपोर्ट सौंपनी थी। हालांकि शासन को रिपोर्ट सौंपे जाने के करीब 20 दिन बाद भी इसे सार्वजनिक नहीं किया गया है, जिससे मामले पर सवाल उठ रहे हैं।
बेटी के साथ लंदन गए पिता
युवराज यूरेका पार्क सोसायटी स्थित फ्लैट में पिता के साथ रहते थे। उनकी मां का पहले ही निधन हो चुका था, जबकि उनकी बहन शादी के बाद से पति के साथ लंदन में रहती हैं।
वीजा संबंधी औपचारिकताओं के चलते घटना के करीब 16 दिन बाद बेटी नोएडा पहुंची और पिता से मिली। दो दिन रुकने के बाद पिता-पुत्री दिल्ली चले गए, जहां से बेटी अपने पिता को साथ लेकर लंदन रवाना हो गई।
इकलौते बेटे को खोने के बाद पिता के पास अब घर में देखरेख करने वाला कोई नहीं बचा था, इसलिए बेटी उन्हें अपने साथ ले गई।