दिसंबर से नोएडा डायल 112 पुलिस करेगी बेसहारों की मदद

Share your love
कोहरा और ठंड के दौरान फ्री सेवा, हर तीन किलोमीटर पर तैनात होंगी पीआरवी गाड़ियां

नोएडा। सर्दी और कोहरे के मौसम में अब गौतमबुद्ध नगर की डायल 112 पुलिस आम जनता और बेसहारों की मदद के लिए आगे आएगी। पुलिस एक दिसंबर से विशेष अभियान शुरू कर रही है, जिसके तहत कोहरा पड़ने तक डायल 112 की टीमें जरूरतमंदों को रैनबसेरा तक छोड़ेंगी और सड़क पर फंसे लोगों की मदद करेंगी।

पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर जिले में उन स्थानों को चिन्हित किया गया है, जहां अधिकतर बेसहारा या राहगीर ठंड के मौसम में परेशान रहते हैं। इन जगहों के तीन किलोमीटर के दायरे में एक पीआरवी वाहन तैनात की जाएगी। फिलहाल जिले के पास 156 पीआरवी वाहन हैं, जिन्हें इस सेवा में लगाया जाएगा।

पिछले साल के अनुभव के आधार पर तैनाती

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पिछले साल की डायल 112 सेवा के रिकॉर्ड का विश्लेषण कर इस बार उन्हीं स्थानों पर वाहनों की तैनाती की जाएगी, जहां से सबसे अधिक कॉल्स आई थीं। इस साल नई पीआरवी गाड़ियां तकनीकी रूप से और भी सक्षम हैं। इनमें लगे आईपैड 5जी नेटवर्क से लोकेशन तुरंत ट्रेस हो सकेगी, जिससे पुलिस को मौके पर पहुंचने में कम समय लगेगा।

कैमरा और लाउड हेलर से मिलेगी मदद

नई पीआरवी गाड़ियों में पीटीजेड कैमरा और लाउड हेलर लगाए गए हैं। कैमरे की मदद से इलाके की रिकॉर्डिंग होगी और किसी बेसहारा व्यक्ति को देखने पर पुलिस तुरंत एक्शन ले सकेगी। लाउड हेलर से लोगों को जागरूक किया जाएगा कि वे किसी जरूरतमंद को देखकर तुरंत डायल 112 पर कॉल करें।

टू-व्हीलर यूनिट भी करेगी मदद

थानों में मौजूद डायल 112 की टू-व्हीलर यूनिट भी इस सेवा में शामिल होगी। इन्हें सेक्टरों, सोसायटियों, बाजारों, रोडवेज और मेट्रो स्टेशनों के पास तैनात किया जाएगा, ताकि पुलिस जल्द से जल्द जरूरतमंदों तक पहुंच सके और ठंड के मौसम में कोई भी व्यक्ति बेसहारा न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us