46 कॉलोनियों के लिए बिजली की मांग, किसान परिषद का विद्युत निगम दफ्तर पर धरना

Share your love

दिनभर चला प्रदर्शन, कमेटी जल्द करेगी मेरठ मंडल में अधिकारियों से मुलाकात
अवैध कनेक्शनों पर रोक लगाने का मिला आश्वासन

नोएडा।
डूब क्षेत्र में वैध बिजली कनेक्शन न मिलने से नाराज भारतीय किसान परिषद ने सोमवार को सेक्टर-16ए स्थित विद्युत निगम (पीवीवीएनएल) के मुख्य अभियंता कार्यालय का घेराव किया। सैकड़ों कॉलोनीवासी और किसान दोपहर करीब एक बजे कार्यालय परिसर में धरने पर बैठ गए और जमकर नारेबाजी की।

भारतीय किसान परिषद के प्रमुख सुखबीर खलीफा ने बताया कि डूब क्षेत्र की करीब 46 कॉलोनियों में लगभग डेढ़ लाख लोग रहते हैं। सरकार द्वारा जमीन की रजिस्ट्री और अन्य दस्तावेज पूरे होने के बावजूद इन कॉलोनियों को अब तक वैध बिजली कनेक्शन नहीं मिल पाए हैं। मजबूरी में लोग सोलर पैनल, जनरेटर या अवैध कनेक्शन लेने को मजबूर हैं। अवैध कनेक्शन देने वाले डीलर प्रति यूनिट 15 से 20 रुपये तक वसूल रहे हैं।

दो हफ्ते पहले हुई थी महापंचायत


किसान परिषद ने दो सप्ताह पहले सेक्टर-115 के डूब क्षेत्र में महापंचायत कर समस्या के समाधान की मांग उठाई थी। संगठन का दावा है कि राम विहार, उन्नति विहार सहित लगभग 45 कॉलोनियों के दस्तावेज पूरे होने के बाद भी बिजली कनेक्शन नहीं दिए गए।

मेरठ मंडल जाएगी कॉलोनियों की कमेटी


मुख्य अभियंता संजय कुमार जैन से वार्ता के बाद यह तय हुआ कि कॉलोनियों के प्रतिनिधियों की एक कमेटी मेरठ स्थित मंडल कार्यालय में अधिकारियों से मुलाकात करेगी। उन्होंने अवैध कनेक्शनों पर लगाम लगाने और समस्या को शासन स्तर तक उठाने का आश्वासन दिया।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम


प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया। डीसीपी यमुना प्रसाद समेत भारी पुलिस बल, पीएसी, ब्लैक कमांडो और फायर ब्रिगेड की टीम तैनात की गई। ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मी भी लगाए गए।


शिकायतकर्ताओं की कमेटी मेरठ मंडल कार्यालय में अधिकारियों से मिलकर अपनी बात रखेगी।”
संजय कुमार जैन, मुख्य अभियंता, पीवीवीएनएल

“ज्ञापन के आधार पर रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी और निर्देशानुसार कार्रवाई होगी।”
— दुर्गेश सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us