महिला को ब्लैकमेल करने पर नोएडा पुलिस आरोपी को कश्मीर से की गिरफ्तार
- 2021 में दर्ज हुई थी एफआईआर, तब से आरोपी चल रहा था फरार
Mediawali news, noida
महिला का मोबाइल हैक कर 40 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और आपत्तिजनक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने वाले आरोपी को नोएडा सेक्टर-58 थाने की पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बीते पांच सालों से फरार चल रहा था। पुलिस की टीमें लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थीं। उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट भी जारी हुआ था। लंबे समय तक गिरफ्तारी न होने के चलते पुलिस आरोपी पर इनाम घोषित करने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान मोबाइल नंबर के लोकेशन पर मिलने पर उसे कशमीर से पुलिस ने पकड़ लिया।
एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान कश्मीर के लाल बाजार निवासी बिलाल गिलानी के रूप में हुई है। 45 वर्षीय बिलाल के खिलाफ मथुरा के नौहझील और नोएडा के फेज तीन थाने में केस दर्ज है। आरोपी के खिलाफ शिकायत देने वाली महिला का आरोप है कि बिलाल गिलानी और उसके साथियों ने मिलकर धोखाधड़ी करके उसके पैसे हड़प लिए थे। जिस संबंध में 2020 में नौहझील थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। इसी मुकदमे को वापस लेने के लिए बिलाल लगातार दबाब डाल रहा था। उसने उसका फोन हैक किया और जान से मारने की धमकी, आपत्तिजनक विडियो अपलोड करने और सड़क पर रोककर रंगदारी मांगने का प्रयास किया।
जिस पर दस अक्टूबर 2021 को थाना फेज तीन में केस दर्ज कराया गया था। इसके बाद से लगातार नोएडा पुलिस बिलाल को पकड़ने का प्रयास कर रही थी। लोकेशन ट्रैक होने के साथ ही वह फरार हो जाता था। ऐसे में टीम द्वारा लगातार प्रयास किया जाता रहा। जिसके बाद इसे कश्मीर के लाल बाजार के पास उसके निवास स्थान से गिरफ्तार किया गया। डीसीपी नोएडा ने आरोपी को दबोचने वाली टीम को पुरस्कृत करने की बात कही है।