मीडिया वाली

Youtube Live
ब्रेकिंग न्यूज़
नवीनतम समाचार लोड हो रहे हैं...

धर्मेंद्र की तबीयत पर अफवाहों के बीच भड़के सितारे: सनी देओल के बाद करण जौहर और अमीषा पटेल ने मीडिया को बताया ‘सर्कस’

मुंबई। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की तबीयत को लेकर सोशल मीडिया और मीडिया पर फैली अफवाहों के बीच, अब फिल्म इंडस्ट्री के बड़े नाम करण जौहर और अमीषा पटेल ने भी नाराजगी जताई है। इससे पहले धर्मेंद्र के बेटे सनी देओल ने पपराज़ी पर अपना गुस्सा उतारा था, जिसके बाद करण और अमीषा ने भी परिवार की निजता में हस्तक्षेप को “असंवेदनशील और अपमानजनक” बताया।

करण जौहर ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर मीडिया के व्यवहार पर नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा

“जब हमारे दिलों और कर्मों से बुनियादी शालीनता और संवेदनशीलता गायब हो जाती है, तो यह हमारे समाज के पतन का संकेत है। कृपया इस परिवार को अकेला छोड़ दीजिए! वे पहले से ही भावनात्मक रूप से बहुत कुछ झेल रहे हैं। एक जीवित लेजेंड के लिए यह पपराज़ी सर्कस दिल तोड़ देने वाला है। यह कवरेज नहीं, बल्कि असम्मान है।”

वहीं, अमीषा पटेल ने भी इसी भावना को साझा करते हुए मीडिया से अपील की

“मुझे लगता है कि मीडिया को इस समय देओल परिवार को अकेला छोड़ देना चाहिए और उनकी निजता का सम्मान करना चाहिए।”

इससे पहले मंगलवार को, जब धर्मेंद्र की सेहत को लेकर अफवाहें फैल रहीं थीं, सनी देओल ने घर के बाहर मौजूद मीडिया पर नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने गुस्से में कहा

“आप लोगों को शर्म आनी चाहिए… आपके घर में भी मां-बाप हैं, बच्चे हैं… फिर भी ऐसे वीडियो बना रहे हैं… शर्म नहीं आती?”

गौरतलब है कि 89 वर्षीय धर्मेंद्र को 31 अक्टूबर को सांस लेने में दिक्कत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि बुधवार को उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया और अब उनका इलाज घर पर जारी रहेगा। देओल परिवार ने मीडिया से अनुरोध किया है कि वे इस कठिन समय में उनकी प्राइवेसी का सम्मान करें।

पेशेवर मोर्चे पर धर्मेंद्र हाल ही में करण जौहर की फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ में नजर आए थे। वह अब निर्देशक श्रीराम राघवन की आगामी फिल्म ‘इक्कीस’ में दिखाई देंगे, जो दिसंबर में रिलीज होने वाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios