असम दौरे पर पीएम मोदी: मौसम के कारण बदला कार्यक्रम, 47,600 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात

Share your love

Mediawali news, Asam

उत्तर-पूर्व के राज्य असम के विकास को गति देने के लिए नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को गुवाहाटी पहुंचे। हालांकि खराब मौसम की वजह से उनके कार्यक्रम में अचानक बदलाव करना पड़ा। प्रधानमंत्री का कोकराझार जाने का कार्यक्रम तय था, लेकिन मौसम खराब होने के कारण इसे रद्द कर दिया गया। अब वे वहां की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास वर्चुअल माध्यम से करेंगे।

प्रधानमंत्री का यह दौरा इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि राज्य में आने वाले समय में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। पिछले चार महीनों में यह उनकी चौथी असम यात्रा है। इस दौरान वे राज्य को लगभग 47,600 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इन परियोजनाओं में सड़क, रेल, ऊर्जा और किसानों से जुड़ी कई योजनाएं शामिल हैं। इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ‘असम माला 3.0’ योजना की शुरुआत करेंगे। इस योजना के तहत 900 किलोमीटर से ज्यादा लंबी सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इससे राज्यों के बीच संपर्क बेहतर होगा और लोगों को आने-जाने में आसानी होगी। इसके अलावा बोडोलैंड क्षेत्र में चार फ्लाईओवर और दो पुलों की आधारशिला भी रखी जाएगी।

रेलवे को मजबूत करने के लिए बाशबारी में एक नई वर्कशॉप की नींव रखी जाएगी। साथ ही तीन नई ट्रेनों-कामाख्या-चारलापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस, गुवाहाटी-न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस और नारंगी-अगरतला एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखाई जाएगी। इससे उत्तर-पूर्व के कई शहरों के बीच रेल संपर्क और बेहतर होगा।

किसानों के लिए भी बड़ी खबर है। प्रधानमंत्री देश के 9.3 करोड़ से ज्यादा किसानों के खातों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त जारी करेंगे। इसके अलावा गुवाहाटी में चाय बागानों के मजदूरों को जमीन के पट्टे भी दिए जाएंगे, जिससे उन्हें अपने अधिकार मिल सकेंगे।

ऊर्जा क्षेत्र में प्रधानमंत्री कोपिली जलविद्युत परियोजना और उत्तर-पूर्व गैस ग्रिड के पहले चरण का उद्घाटन करेंगे। शनिवार को वे कामाख्या मंदिर के लिए रोपवे परियोजना की आधारशिला रखेंगे और गुवाहाटी में पीएम एकता मॉल का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री सिलचर जाएंगे, जहां करीब 23,550 करोड़ रुपये की नई योजनाओं की शुरुआत की जाएगी।

Anjali Priya
Anjali Priya
Articles: 215

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us