गाजा: इस्राइली हमले में हमास का टॉप कमांडर राएद सईद ढेर होने का दावा

Share your love

गाजा सिटी में कार पर हमला, 7 अक्टूबर हमलों के प्रमुख योजनाकारों में था राएद

इस्राइल ने शनिवार को दावा किया कि उसने गाजा सिटी में एक कार पर एयरस्ट्राइक कर हमास के वरिष्ठ कमांडर राएद सईद को मार गिराया है। इस्राइली मीडिया के मुताबिक, राएद 7 अक्टूबर 2023 को इस्राइल पर हुए हमलों के प्रमुख योजनाकारों में शामिल था। हालांकि हमास ने अभी तक उसकी मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

हमास ने सीजफायर उल्लंघन का लगाया आरोप

हमास ने बयान जारी कर कहा कि गाजा शहर के बाहर एक आम नागरिक की गाड़ी को निशाना बनाया गया, जो 10 अक्टूबर को लागू हुए संघर्ष विराम का उल्लंघन है। गाजा के स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, इस हमले में 4 लोगों की मौत हुई और 25 घायल हुए।

इस्राइली सेना ने नाम बताए बिना हमले की पुष्टि की

इस्राइली सेना ने कहा कि उसने गाजा सिटी में एक वरिष्ठ हमास कमांडर को निशाना बनाया, लेकिन किसी का नाम सार्वजनिक नहीं किया। अगर राएद सईद की मौत की पुष्टि होती है, तो यह संघर्ष विराम के बाद हमास के किसी वरिष्ठ नेता पर सबसे बड़ा हमला होगा

हमास की हथियार निर्माण इकाई का प्रमुख था राएद सईद

सशस्त्र विंग में दूसरे नंबर का कमांडर माना जाता था

इस्राइली रक्षा अधिकारियों के अनुसार, राएद सईद हमास की हथियार निर्माण इकाई का प्रमुख था। वहीं हमास से जुड़े सूत्रों का कहना है कि वह इज्जेदीन अल-हद्दाद के बाद संगठन की सशस्त्र शाखा में दूसरे नंबर का कमांडर था।

संघर्ष विराम के बावजूद जारी है हिंसा

गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, संघर्ष विराम लागू होने के बाद से अब तक इस्राइली हमलों में 386 फलस्तीनी मारे जा चुके हैं, जिससे हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं।

बारिश और ठंड ने बढ़ाई गाजा की त्रासदी

72 घंटों में 14 लोगों की मौत, तीन बच्चे शामिल

गाजा पट्टी में लगातार हो रही भारी बारिश और कड़ाके की ठंड ने मानवीय संकट को और गहरा कर दिया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, खराब मौसम के चलते अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें तीन बच्चे शामिल हैं।

हजारों टेंट जलमग्न, राहत संगठनों ने जताई चिंता

राहत संगठन ऑक्सफैम ने बताया कि भारी जलभराव के कारण हजारों टेंट पानी में डूब गए हैं। लोग कीचड़, सीवेज और मलबे के बीच फंसे हुए हैं।

स्थानीय लोगों की आपबीती

गाजा की निवासी उम मुस्तफा ने बताया कि बारिश में उनके गद्दे, कंबल, कपड़े और खाने का सामान पूरी तरह खराब हो गया। रात के बीच अफरा-तफरी मच गई और बचा हुआ आटा-चावल भी पानी में भीगकर बेकार हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us