मार्क अस्पताल फिर से खुलवाने की तैयारी में प्रबंधन

Share your love
फायर, इलेक्ट्रिकल और ऑक्सीजन ऑडिट रिपोर्ट सौंपने के बाद स्वास्थ्य विभाग करेगा फैसला

सेक्टर-66 स्थित मार्क अस्पताल में दो दिनों के भीतर हुए लगातार हादसों के बाद बंद किए गए अस्पताल को दोबारा शुरू कराने की तैयारी शुरू हो गई है। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि वह स्वास्थ्य विभाग को अपील करेगा कि जांच रिपोर्ट के बाद अस्पताल को फिर से संचालित करने की अनुमति दी जाए।

अस्पताल के निदेशक डॉ. अनुज त्रिपाठी ने बताया कि गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग को औपचारिक आवेदन सौंपा जाएगा। साथ ही किसी गैर-सरकारी विशेषज्ञ कंपनी से ऑक्सीजन पाइपलाइन, फायर सेफ्टी और इलेक्ट्रिकल सिस्टम का ऑडिट भी कराया जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर विभाग यह तय करेगा कि ब्लास्ट का कारण एसी की खराबी थी या पाइपलाइन में लीकेज।

यदि रिपोर्ट में एसी की तकनीकी खराबी सामने आती है, तो अस्पताल को कुछ राहत मिल सकती है। लेकिन अगर वायरिंग में कटिंग या लापरवाही की पुष्टि होती है, तो विभाग की जांच और सख्त हो जाएगी तथा अस्पताल को दोबारा बहाल करने में देरी संभव है।

गौरतलब है कि रविवार और सोमवार को दो दिनों में अस्पताल में दो घटनाएं हुईं, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने एहतियातन अस्पताल का लाइसेंस निलंबित कर दिया था। फायर डिपार्टमेंट की प्रारंभिक रिपोर्ट में वायरिंग में कटिंग की बात सामने आई थी, जिससे आईसीयू में एसी ब्लास्ट हुआ, हालांकि कोई बड़ी अनहोनी नहीं हुई।

स्वास्थ्य विभाग रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है

स्वास्थ्य विभाग के सीएमओ डॉ. नरेंद्र कुमार ने बताया कि मार्क अस्पताल से अपील प्राप्त होने के बाद जांच टीम बनाई जाएगी। फिलहाल विभाग को अस्पताल के फायर, ऑक्सीजन और इलेक्ट्रिकल ऑडिट की रिपोर्ट का इंतजार है।

2022 से संचालित हो रहा है अस्पताल

मार्क अस्पताल की शुरुआत वर्ष 2022 में हुई थी। अस्पताल के निदेशक डॉ. अनुज त्रिपाठी के साथ 12 अन्य एमबीबीएस डॉक्टर यहां सेवाएं दे रहे हैं। डॉ. त्रिपाठी ने बताया कि “रविवार की घटना के बाद वायरिंग रिपेयर कराई गई थी, लेकिन सोमवार को फिर हादसा हो गया। अब विशेषज्ञ जांच रिपोर्ट का इंतजार है ताकि वास्तविक कारण स्पष्ट हो सके।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us