गौतमबुद्धनगर में लू का अलर्ट: दोपहर 12 से 3 बजे तक घर से निकलने से बचें, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
हीट वेव को लेकर जिला प्रशासन सतर्क, लोगों से ज्यादा पानी पीने, सिर ढककर बाहर निकलने और जरूरत पड़ने पर 1077 हेल्पलाइन पर संपर्क करने की अपील
Mediawali news, Noida
भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने जनपद में हीट वेव यानी लू को लेकर लोगों के लिए जरूरी एडवाइजरी जारी की है। मौसम विभाग उत्तर प्रदेश, लखनऊ की ओर से प्रदेश के कई जिलों में लू चलने की संभावना जताई गई है, जिसमें गौतमबुद्धनगर को येलो जोन में रखा गया है। इसके बाद प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और गर्मी से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां अपनाने की अपील की है। जिला आपदा विशेषज्ञ ओमकार चतुर्वेदी ने बताया कि आने वाले दिनों में तेज गर्म हवाएं और अत्यधिक तापमान लोगों की सेहत पर असर डाल सकते हैं। खासकर बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोगों को ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यदि जरूरी काम न हो तो लोग दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचें।
तेज धूप में निकलते समय सिर ढकना जरूरी
प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि बाहर जाते समय सिर और शरीर को अच्छी तरह ढककर रखें। टोपी, गमछा, दुपट्टा या छाते का इस्तेमाल जरूर करें, ताकि सीधी धूप से बचाव हो सके। लगातार धूप में रहने से शरीर में पानी की कमी हो सकती है, जिससे लू लगने का खतरा बढ़ जाता है।
शरीर को हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी
एडवाइजरी में लोगों से दिनभर खूब पानी और तरल पदार्थ पीने की अपील की गई है। प्रशासन ने कहा है कि ओआरएस, शिकंजी, आमपना, नारियल पानी और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करते रहें। बाहर निकलने से पहले और लौटने के बाद पानी जरूर पिएं, ताकि शरीर में पानी की कमी न हो।
हल्के और सूती कपड़े पहनने की सलाह
गर्मी से बचने के लिए हल्के रंग और सूती कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। सूती कपड़े पसीना आसानी से सोख लेते हैं और शरीर को ठंडा बनाए रखने में मदद करते हैं। वहीं तंग और मोटे कपड़े पहनने से शरीर का तापमान तेजी से बढ़ सकता है।
खानपान में बरतें सावधानी
जिला प्रशासन ने लोगों को ताजे फल, सलाद और हल्का भोजन खाने की सलाह दी है। तली-भुनी और ज्यादा मसालेदार चीजों से बचने को कहा गया है। अधिक गर्मी में भारी भोजन शरीर को नुकसान पहुंचा सकता है।
खेतों में दोपहर में काम करने से बचें किसान
प्रशासन ने किसानों और खेतों में काम करने वाले मजदूरों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। कहा गया है कि खेतों में सुबह जल्दी या शाम के समय ही काम करें। दोपहर में काम करने से लू लगने की आशंका ज्यादा रहती है। यदि शरीर में कमजोरी, चक्कर, सिर दर्द या अत्यधिक पसीना महसूस हो तो तुरंत छायादार जगह पर जाकर आराम करें।
लू लगने के लक्षण पहचानें
प्रशासन ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को तेज सिर दर्द, उल्टी, चक्कर, तेज पसीना, कमजोरी या झटके जैसा महसूस हो तो इसे हल्के में न लें। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें और मरीज को ठंडी जगह पर ले जाएं।
जानवरों और पक्षियों का भी रखें ध्यान
एडवाइजरी में लोगों से पशुओं और पक्षियों की देखभाल करने की भी अपील की गई है। जानवरों को छायादार जगह पर बांधें और उन्हें पर्याप्त पानी पिलाएं। साथ ही घरों की छतों और बालकनी में पक्षियों के लिए पानी रखने की सलाह दी गई है।
सार्वजनिक स्थानों पर बनाए गए शेल्टर होम
जिला प्रशासन ने बताया कि जनपद के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर नगर निकायों द्वारा हीट वेव से बचाव के लिए शेल्टर होम बनाए गए हैं। यहां पंखा, कूलर, बैठने और पीने के पानी की व्यवस्था की गई है। यदि किसी व्यक्ति को बाहर अत्यधिक गर्मी महसूस हो तो वह इन शेल्टर होम का उपयोग कर सकता है।
सहायता के लिए 1077 हेल्पलाइन जारी
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या सहायता की जरूरत पड़ने पर कलेक्ट्रेट मुख्यालय के कंट्रोल रूम के टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क करें। जिला प्रशासन लगातार मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रहा है।
Noida Labour Protest : फेसबुक पेजों पर भड़काऊ और भ्रामक पोस्ट डालने के आरोप में दो मुकदमे दर्ज