मीडिया वाली

Youtube Live
ब्रेकिंग न्यूज़
नवीनतम समाचार लोड हो रहे हैं...

जल जीवन मिशन: डीएम के निर्देश के बाद बौढ़नपुर में शुरू हुई जलापूर्ति

Tags:
जल जीवन मिशन

Mediawali news, कानपुर नगर

जल जीवन मिशन के अंतर्गत विकासखंड चौबेपुर के ग्राम बौढ़नपुर-चौधरीपुर में निर्मित पेयजल परियोजना से जलापूर्ति प्रारंभ कर दी गई है। बुधवार को निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने पाया था कि योजना का निर्माण कार्य पूर्ण होने तथा ट्रायल संपन्न होने के बावजूद नियमित जलापूर्ति प्रारंभ नहीं की गई है। जिलाधिकारी द्वारा तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को फटकार लगाते हुवे आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे, जिसके अनुपालन में वीटीएल द्वारा उसी रात गांव में पेयजल आपूर्ति शुरू कर दी गई।

उल्लेखनीय है कि निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि परियोजना के सभी प्रमुख कार्य पूर्ण होने के बावजूद जलापूर्ति प्रारंभ नहीं हुई थी। इस पर उन्होंने कार्यदायी संस्था विंध्य टेलीलिंक्स लिमिटेड के प्रोजेक्ट मैनेजर श्री मनोज कुमार द्विवेदी से दूरभाष पर वार्ता कर जलापूर्ति तत्काल प्रारंभ कराने के निर्देश दिए थे।

कार्यदायी संस्था के अनुसार परियोजना के अंतर्गत पंप हाउस, बाउंड्री वॉल, रिचार्ज पिट, सोलर सिस्टम, मोटर पंप, डीजी सेट, पाइपलाइन एवं घरेलू कनेक्शन सहित सभी प्रमुख कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं। ओवरहेड टैंक में डीआई पाइप से संबंधित कार्य के कारण जलापूर्ति अस्थायी रूप से प्रभावित थी, जिसे दूर करते हुए आपूर्ति प्रारंभ कर दी गई।

लगभग 3.45 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस परियोजना से तीन ग्रामों के 663 परिवारों तथा लगभग 3,466 की आबादी को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा। योजना के अंतर्गत 9,782 मीटर पाइपलाइन बिछाई गई है। जलापूर्ति प्रारंभ होने से सभी कनेक्शन प्राप्त घरों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध होने लगा है।

जिलाधिकारी ने जल जीवन मिशन से जुड़ी सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया है कि जिन परियोजनाओं का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है तथा ट्रायल सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है, वहां बिना अनावश्यक विलंब के नियमित जलापूर्ति प्रारंभ कराई जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा जब उनका लाभ समयबद्ध रूप से आमजन तक पहुंचे और प्रत्येक पात्र परिवार को घर पर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios