एसएस राजामौली आज महेश बाबू–प्रियंका चोपड़ा–पृथ्वीराज की फिल्म का टाइटल और फर्स्ट लुक करेंगे रिलीज
एसएस राजामौली आज महेश बाबू–प्रियंका चोपड़ा–पृथ्वीराज की फिल्म का टाइटल और फर्स्ट लुक करेंगे रिलीज
हैदराबाद आज भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े आयोजनों में से एक का गवाह बनने जा रहा है। आरआरआर की वैश्विक सफलता के करीब तीन साल बाद निर्देशक एसएस राजामौली एक बार फिर बड़े स्तर पर वापसी कर रहे हैं। इस बार वह महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन जैसे सुपरस्टार्स के साथ अपनी नई फिल्म का टाइटल और फर्स्ट ग्लिम्प्स ग्लोबट्रॉटर इवेंट में लॉन्च करेंगे।
यह भव्य कार्यक्रम रामोजी फिल्म सिटी में आयोजित हो रहा है, जिसे जियो हॉटस्टार पर लाइव-स्ट्रीम भी किया जाएगा।
RRR के बाद राजामौली की नई भव्य पेशकश
राजामौली की इस नई फिल्म को लेकर पिछले दो साल से जबरदस्त चर्चा चल रही है, लेकिन मेकर्स ने हर जानकारी को बेहद गोपनीय रखा है। हाल ही में प्रियंका चोपड़ा के किरदार मंदाकिनी और पृथ्वीराज सुकुमारन के किरदार कुम्भा के लुक जारी किए गए, जिनसे उत्साह और बढ़ गया है।
लेकिन महेश बाबू का लुक अभी तक सीक्रेट रखा गया है, जिसको लेकर फैंस में भारी उत्सुकता है।
50,000 से ज्यादा लोगों की भीड़—सुरक्षा हुई कड़ी
कार्यक्रम में 50,000 से अधिक दर्शकों की उपस्थिति की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। राजामौली ने खुद सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर स्पष्ट किया:
“केवल फिजिकल पास वाले लोग ही कार्यक्रम में प्रवेश कर सकेंगे। कुछ वीडियो इसे ओपन इवेंट बता रहे हैं—उन पर भरोसा न करें। सुरक्षा को ध्यान में रखकर केवल पास-होल्डर्स को ही अंदर आने दिया जाएगा।”
इवेंट की मेजबानी यूट्यूबर आशीष चंचलानी और लोकप्रिय तेलुगु एंकर सुमा कणकला करेंगी।
क्रिएटिव एंट्री: फेक पासपोर्ट बने पास
इवेंट के लिए मेकर्स ने बेहद अनोखी पहल की है। एंट्री पास के रूप में फॉक्स पासपोर्ट बनाए गए हैं, जिनमें फिल्म की पहली झलक और एक संदेश छपा है:
“दो साल पहले हमने ऐसी कहानियों के पीछे जाना शुरू किया जिनका कोई नक्शा नहीं होता। आज वह सफर इतिहास के मोड़ पर खड़ा है…”
130×100 फीट की विशाल स्क्रीन पर टीज़र की पहली झलक
आज इवेंट में फिल्म का टीज़र 130 फीट × 100 फीट की विशाल स्क्रीन पर दिखाया जाएगा—जो देश के सबसे बड़े सेटअप में से एक है। यह विजुअल एक्सपीरियंस फिल्म के पैमाने का संकेत देने वाला है।