जर्मनी में नौकरी दिलाने के बहाने 12 लाख रुपये की ठगी
Tags: जर्मनीएनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत के बाद साइबर थाना पुलिस ने केस दर्ज किया
Mediawali news, नोएडा
जर्मनी में नौकरी दिलाने का सपना दिखाकर साइबर अपराधियों ने एक व्यक्ति से 12.33 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित के वॉट्सऐप नंबर पर एक व्यक्ति ने मैसेज कर उससे बातचीत शुरू की। इसके बाद उन्हें जर्मनी के नामी कंपनी में अच्छे पैकेज पर नौकरी दिलाने का दावा किया। पीड़ित का ऑनलाइन इंटरव्यू कराया गया और नौकरी का सर्टिफिकेट भी भेज दिया गया। इसके बाद मेडिकल टेस्ट, ट्रैवल, वीजा के बहाने 12 लाख 33 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए। कई महीनों तक पीड़ित को नौकरी नहीं लगवाई गई तो उन्हें ठगी का एहसास हुआ। मामले में पीड़ित ने एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई, अब साइबर थाना पुलिस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-93ए स्थित एटीएस ग्रीन विलेज के रहने वाले एक व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि 13 मई 2025 को उनके पास वॉट्सऐप पर विक्रम दीक्षित नाम के व्यक्ति का मैसेज आया। आरोपी ने खुद को जर्मनी की साइमन कंपनी से जुड़ा बताते हुए वहां नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। पीड़ित का आरोप है कि ठग ने मेडिकल टेस्ट, ट्रैवल, वीजा और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर पहले छोटी-छोटी रकम जमा कराई, जिससे उन्हें भरोसा हो गया कि नौकरी मिल जाएगी। यहीं नहीं ठगों ने उन्हें जॉब के लिए कई प्रक्रिया से जुगरने के लिए बोला।
ऑनलाइन ही इंटरव्यू कराया गया। इसके बाद 15 मई से 27 मई 2025 के बीच अलग-अलग ट्रांजैक्शन में कुल 12 लाख 33 हजार 573 रुपये जमा कराए गए। रकम लेने के बाद नौकरी नहीं मिली तो पीड़ित ने ठगों से संपर्क कर रुपये मांगे। लेकिन बदले में उनसे और रकम जमा कराने का दबाव बनाया जाने लगा। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने 28 मई 2025 को राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। इसके आधार पर अब साइबर क्राइम थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस संबंधित बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। साथ ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई और ठगी गई रकम की रिकवरी का प्रयास किया जा रहा है।