गौतमबुद्धनगर में सुरक्षा मानकों पर सख्ती, 9 कोचिंग सेंटर सील, होटलों पर भी कार्रवाई
Tags: Fire Safety Rules, Greater Noida News, Noida Coaching Center NewsMediawali news, गौतमबुद्धनगर
जनपद में अग्नि सुरक्षा और मानव सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा विशेष जांच अभियान लगातार चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासनिक अधिकारियों, अग्निशमन विभाग और शिक्षा विभाग की संयुक्त टीमों ने कोचिंग सेंटर, होटल और अन्य संस्थानों में व्यापक जांच अभियान चलाया।
जिला प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले दो दिनों में जनपद के कुल 66 कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने पर 9 कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया गया, जबकि 12 संस्थानों को नोटिस जारी किया गया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि बुधवार को विभिन्न क्षेत्रों में 46 कोचिंग संस्थानों की जांच की गई। ग्रेटर नोएडा में आवश्यक दस्तावेज और निर्धारित मानकों का पालन न मिलने पर 5 कोचिंग सेंटरों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। वहीं, नोएडा के सेक्टर-16 और सेक्टर-18 में 12 संस्थानों का निरीक्षण किया गया, जिनमें से 2 को सील किया गया।
इसके अलावा, सेक्टर-22 में 4 कोचिंग संस्थानों की जांच की गई, जहां 2 संस्थानों को नोटिस जारी करते हुए आवश्यक अभिलेख और सुरक्षा मानकों की पूर्ति तक कोचिंग गतिविधियां बंद रखने के निर्देश दिए गए। सेक्टर-58 और सेक्टर-62 क्षेत्रों में भी 6 कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया गया।
उधर, उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह की अगुवाई में जेवर क्षेत्र के चार होटलों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान बालाजी गेस्ट हाउस में गंभीर कमियां मिलने पर उसे सील कर दिया गया, जबकि एसआर प्लाजा, द ग्रैंड होटल और जेपी वेलवेट होटल को नोटिस जारी किया गया।
जिला प्रशासन ने सभी संस्थानों के संचालकों को चेतावनी दी है कि वे अग्नि सुरक्षा, भवन सुरक्षा, आवश्यक अनुमतियों और अन्य निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।